Shardiya Navratri 2023: Etawah और Banda में नवरात्र की तैयारियां जोरों पर, देवी प्रतिमाओं को दिया जा रहा अंतिम रूप
इटावा और बांदा में नवरात्र की तैयारियां जोरों पर है।
इटावा और बांदा में नवरात्र की तैयारियां जोरों पर है। देवी प्रतिमाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इन प्रतिमाओं के लिये पांडाल में भी ऊंचे तैयार किये जा रहे हैं।
कानपुर टीम, अमृत विचार। इटावा और बांदा में नवरात्र की तैयारियां जोरों पर है। देवी प्रतिमाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इन प्रतिमाओं के लिये पांडाल में भी ऊंचे तैयार किये जा रहे हैं।
इटावा : शारदीय नवरात्र रविवार से शुरू होने जा रही है। लखना कस्बे के ऐतिहासिक कालका देवी मंदिर परिसर में साफ सफाई और सुरक्षा की तैयारियां पूरी की जा रही हैं। क्षेत्र में स्थित अन्य देवी मंदिरों को सजाने संवारने का काम चल रहा है।
क्वार मास की नवरात्रि को लेकर देवी मां के दरबार सजाने के लिए देवी मंदिरों में सफाई के साथ ही सजावट का कार्य देवी भक्तों व मंदिर के व्यवस्थापकों द्वारा कराया जा रहा है। लखना नगर स्थित ऐतिहासिक कालका देवी मंदिर मे मातारानी के दर्शन करने के लिए आने वाले भक्तों को कोई असुविधा न हो इसकी तैयारियां करने में मंदिर प्रबंध तंत्र जुटा हुआ है।
देवी भक्तों की आस्था का सैलाब नवरात्र के प्रथम दिन से ही उमड़ने लगता है। मंदिर प्रबंधक रविशंकर शुक्ला लखना राज ने बताया कि देवी भक्तों को माता रानी के दर्शन सुलभता के साथ हो जाए और उन्हें कोई असुविधा न हो इसके लिए बेरीकेडिंग की जा रही है। दर्शनार्थी एक तरफ से मंदिर में प्रवेश करेगे।
दूसरी तरफ से निकास पेयजल के लिए भी समुचित व्यवस्था की जा रही है। देवी भक्तों की सुरक्षा के लिए जिलाधिकारी के साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने शुक्रवार को मंदिर क्षेत्र का जायजा लिया था। जिसमें जिलाधिकारी ने जहां मुख्य मार्ग को अतिक्रमण मुक्त बनाने के निर्देश उपजिलाधिकारी को दिए थे। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने नवरात्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश सीओ को दिए थे। अधिकारियों के निर्देश के अनुपालन की कार्रवाई भी स्थानीय स्तर पर शुरू हो गई है।
कालिका देवी मंदिर के साथ-साथ लखना के मातन टोला स्थित माता देवी मंदिर के दरबार सज रहे हैं। इसी के साथ-साथ बकेवर नगर और ग्रामीण क्षेत्र में भी नवरात्र पर्व की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए देवी भक्त जुटे हुए हैं। यही नहीं नवरात्र के दिनों में हवन, यज्ञ, देवी जागरण, भागवत कथा आदि कार्यक्रम भी तय किए गए हैं।
नवरात्रि पर्व को लेकर उत्साहित भक्तों की भी अपनी-अपनी तैयारियां हैं। बाजारों में भी दुकानदारों ने पूजा-अर्चना की सामग्री लेकर तैयारियां की हैं। पर्व से पहले लखना नगर पंचायत व बकेवर नगर पंचायत द्वारा भी मंदिरों के आसपास सफाई को लेकर सफाई कर्मियों को निर्देश देकर साफ सफाई करायी गयी है।
बांदा : शारदीय नवरात्र महोत्सव को लेकर देवी पांडालों की तैयारी का काम तेज हो गया है। देवी पांडालों को बेहतरीन तरीके से सजाने के लिये दुर्गा कमेटी कार्यकर्ताओं में इस बार जबरदस्त होड़ लगी हुई है। कोलकाता स्टाइल में आधुनिक पांडालों के स्ट्रक्चर और सजावटी गेट तैयार करने का ठेका कानपुर और आसपास के अन्य जिलों के बड़े टेंट व्यवसाइयों को दिया गया है, तो डीजे और साउंड सिस्टम भी सहारनपुर से मंगवाया गया है, जिस पर लाखों रुपये का खर्च आ रहा है।
जनपद में इस बार एक हजार से भी ज्यादा दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित होने का अनुमान है, जिसमें से तकरीबन एक सैकड़ा प्रतिमाएं 12 से 15 फुट ऊंची हैं। इन्हें हाइड्रा की सहायता से स्थापित किया जाएगा। इन प्रतिमाओं के लिये पांडाल में भी ऊंचे तैयार किये जा रहे हैं।
