इजराइल में फंसी अमरोहा की बेटी पहुंची ससुराल, भाजपा नेता व ससुरालियों ने ली राहत की सांस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पति व बेटी के साथ इजराइल में फंसी थी भाजपा नेता की बेटी

अमरोहा, अमृत विचार। हमास व इजराइल के बीच चल रही जंग के चलते अपने पति व बेटी के साथ इजराइल में फंसी शहर के भाजपा नेता की बेटी शुक्रवार को जनपद मेरठ के किठौर स्थित अपनी ससुराल सकुशल पहुंच गई। इसके बाद यहां भाजपा नेता व मेरठ में ससुराल वालों ने राहत की सांस ली। अमरोहा की बेटी जयदीप कौर के पति अभी इजराईल में ही हैं। वहां वह अपनी ड्यूटी कर रहे हैं।

शहर की आवास विकास कॉलोनी निवासी भाजपा नेता सुरेंद्र सिंह ढिल्लो की बेटी जयदीप कौर की शादी मेरठ जिले के किठौर थाना क्षेत्र के गांव शौलदा निवासी मोहित रंधावा के साथ हुई है। मोहित ने आईआईटी रुड़की से पीएचडी कर रखी है। दंपति की तीन साल की बेटी कीरत कौर भी है। 2020 में मोहित इजराइल चला गया था। बाद में उन्होंने पत्नी जयदीप कौर और बेटी कीरत कौर को भी अपने पास बुला लिया। 

आतंकवादी संगठन हमास के हमले के बाद इजराइल में हालात तनावपूर्ण बने हैं। ऐसे में वहां फंसे बेटी, दामाद और नातिन को लेकर सुरेंद्र सिंह ढिल्लो समेत परिवार के लोग बेहद परेशान थे। भाजपा नेता को सरकार पर पूरा विश्वास था कि वह सभी भारतीयों को सुरक्षित वापस बुला लेंगे। इस बीच इजराइल में फंसे भारतीयों को सकुशल वापसी के लिए भारत सरकार ने ऑपरेशन अजय शुरू किया है।

 ऑपरेशन अजय के तहत शुक्रवार सुबह सात बजे पहली फ्लाइट भारत पहुंची। इस विमान से 212 भारतीयों को वतन वापस लाया गया है। इनमें मेरठ की बहू और अमरोहा भाजपा नेता की बेटी जयदीप कौर अपनी बेटी कीरत के साथ आई है। जयदीप के साथ उनके पति मोहित वापस नहीं आए हैं। मोहित इजरायल की एक यूनिवर्सिटी में पढ़ाते हैं। मोहित अभी वहीं रहकर अपना काम करेंगे। फिलहाल उन्होंने बेटी और पत्नी को भारत वापस भेज दिया है। बेटी के वापस आने पर भाजपा नेता सुरेंद्र सिंह ढिल्लो व मेरठ में जयदीप के ससुराल वालों ने राहत की सांस ली।

ये भी पढ़ें:- अमरोहा : बुजुर्ग की मौत पर बंदर का मातम करते वीडियो वायरल

संबंधित समाचार