Chitrakoot News: जिलाधिकारी ने अधिकारियों के साथ की बैठक, मंदाकिनी नदी की सफाई को लेकर दिखे सख्त, ये निर्देश दिए

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चित्रकूट में जिलाधिकारी ने अधिकारियों के साथ बैठक की।

चित्रकूट में जिलाधिकारी ने अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने सभी सरकारी कार्यालय में प्लास्टिक सामग्री के उपयोग पर तत्काल पाबंदी लगाए जाने के निर्देश दिए।

चित्रकूट, अमृत विचार। जिलाधिकारी अभिषेक आनंद ने मंदाकिनी नदी की सफाई को लेकर गंभीरता दिखाने की आवश्यकता बताई है। जिला गंगा समिति, जिला पर्यावरण एवं वृक्षारोपण समिति की बैठक में डीएम ने अब तक इस दिशा में किए गए काम की जानकारी ली। उन्होंने सभी सरकारी कार्यालय में प्लास्टिक सामग्री के उपयोग पर तत्काल पाबंदी लगाए जाने के निर्देश दिए।

डीएम ने ईओ कर्वी को निर्देशित किया कि उन्होंने अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया कि अभियान चलाकर बड़ी दुकानों से पॉलिथीन को भी चेक कराएं। मंदाकिनी सफाई अभियान की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि महीने में चार दिन सफाई अभियान चलाएं। जिला पंचायत राज अधिकारी भी मंदाकिनी नदी किनारे सफाई कराएं।

सुंदर घाट और रामघाट में हवन पूजन सामग्री के लिए विसर्जन कुंड बनवाने, परिक्रमा मार्ग पर पौधरोपण कराकर ट्रीगार्ड लगवाने के भी निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। डीएम ने ईओ लालजी से कहा कि मंदाकिनी में गिरने वाले 14 नालों का चिह्नांकन कर समुचित व्यवस्था कराएं व रामघाट में नीचे से आने वाले नाले में जाल लगवाएं। डीएम ने ईओ राजापुर को भी निर्देशित किया कि वहां भी ऐसा ही किया जाए।

उन्होंने प्रभागीय वनाधिकारी को इसका निरीक्षण कर रिपोर्ट भेजने को कहा। डीएम ने सभी विभागों के जिम्मेदारों को निर्देश दिए कि वे प्लास्टिक के खिलाफ लोगों को अभियान चलाकर जागरूक करें।

डीएम ने अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि अगली बैठक में इस संबंध में पूरी रिपोर्ट लेकर ही आएं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अमृतपाल कौर,  प्रभागीय वनाधिकारी पीके त्रिपाठी,  जिला पंचायत राज अधिकारी कुमार अमरेंद्र,  क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी अनुपम श्रीवास्तव, अपर प्रभागीय वनाधिकारी हरिशंकर सिंह,  जेई पर्यावरण सुशील कुमार आदि मौजूद रहे। 

चिह्नित स्थानों पर ही फिंकवाएं कूड़ा

जिला अधिकारी ने अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि कूड़ा-कचरा निर्धारित जगहों पर ही फेंका जाए। उन्होंने अपर मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि अस्पतालों में से निकलने वाली कि सीरिंज व कचरे को इधर उधर न फेंककर चिह्नित स्थान पर ही रखें।

संबंधित समाचार