कन्नौज: कोल्ड स्टोर में लगी आग, डेढ़ करोड़ का बारदाना जलकर राख
छिबरामऊ, कन्नौज। एक शीतगृह के बारदाना स्टोर में किसी तरह आग लग गई, जिसमें आलू के लिए रखा डेढ़ करोड़ रुपये कीमत का बारदाना जलकर खाक हो गया। आग इतनी विकराल थी कि दमकल की चार गाड़ियों को काबू पाने में तीन घंटे मशक्कत करनी पड़ी। आलाधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और डीएम ने एसडीएम को घटना की जांच के आदेश दिए हैं।
शुक्रवार दोपहर दो बजे के करीब जीटी रोड पर ग्राम सलेमपुर स्थित आशा शीतगृह के बारदाना स्टोर रूम से अचानक धुआं उठने लगा। पल्लेदारों ने शोर मचाया तो कई कर्मचारी आग बुझाने में जुट गए। थोड़ी ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। घटना की जानकारी पर एसडीएम उमाकांत तिवारी व सीओ दीपक दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पहले दमकल की दो गाड़ियां आईं, लेकिन बारदाना स्टोर रूम तक पहुंचने के लिए जगह नहीं मिली। इस पर फायर कर्मियों ने पीछे की दीवार काट दी और पानी की बौछार की। इसके बाद भी आग शांत नहीं हुई तो तिर्वा और कन्नौज से दो और फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। फायर कर्मियों ने सीढ़ियों से चढ़कर तीन घंटे में आग पर काबू पाया। जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल व पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद भी मौके पर पहुंचे। डीएम ने एसडीएम उमाकांत तिवारी को घटना की जांच के आदेश दिए हैं।
तीन लाख पैकेट से अधिक था बारदाना
आशा शीतगृह में आलू के नए सीजन के लिए तीन लाख से अधिक पैकेट रखे गए थे। इन पैकेटों को भंडारण के समय किसानों को दिया जाता है। बाजार में एक पैकेट की कीमत 35 रुपये होती है। ऐसे में करीब डेढ़ करोड़ रुपये का बारदाना जलने का अनुमान है। इसके अलावा भी शीतगृह में बिजली की वायरिंग जल गई और दीवार क्षतिग्रस्त हो गई।
स्टोर रूम फटने की आशंका से भयभीत रहे लोग
बारदाना स्टोर रूम में आग लगने के बाद उसमें धुआं भर गया। आसपास पल्लेदारों व ग्रामीणों भी भारी भीड़ लगी थी। धुएं के कारण स्टोर रूम फटने की आशंका से लोग भयभीत रहे। फायर कर्मियों ने सीढ़ियों से चढ़कर वेंटीलेटरों से पानी की बौछार की, तब जाकर धुआं कम हुआ।
साजिशन आग लगाने की आशंका
शीतगृह स्वामी मनोज दीक्षित ने साजिशन आग लगाए जाने के संकेत दिए हैं। हालांकि उन्होंने स्पष्ट नहीं कहा। पत्रकारों ने उनसे पूछा तो बताया कि बिजली के शार्ट सर्किट से भी आग लगने की आशंका है। कोल्ड स्टोर में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, उनकी जांच भी की जाएगी। वहीं, कुछ लोगों का अनुमान है कि किसी पल्लेदार ने स्टोर रूम में जलती बीड़ी फेंक दी होगी, इससे घटना हो गई।
यह भी पढ़ें: गरीबी के चलते पत्नी का शव बांस पर कपड़ा बांधकर शमशान ले गया पति, चंदे से हुआ अंतिम संस्कार
