बरेली: हाफिजगंज में 12 वर्षीय छात्रा की हत्या कर शव कुंडे से लटकाया, FIR
संपत्ति विवाद में भाई के ससुर पर हत्या करने का आरोप, रिपोर्ट दर्ज
बरेली, अमृत विचार। हाफिजगंज के गांव लाड़पुर गौटिया में 12 वर्षीय रिद्धिमा गंगवार की शुक्रवार दोपहर हत्या कर शव को कमरे में कुंडे में लटका दिया गया। रिद्धिमा गांव के ही स्कूल में पांचवी कक्षा में पढ़ती थी। एसएसपी और एसपी देहात के मौका मुआयने के बाद रिद्धिमा की मां की तहरीर पर पुलिस ने उनके समधी गंगादेव के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। घटना के पीछे संपत्ति विवाद को कारण बताया गया है।
खेती-किसानी करने वाले रिद्धिमा के पिता धर्मेंद्र कुमार गंगवार अपनी आशा वर्कर पत्नी कमलेश और बेटी रिद्धिमा के साथ गांव में रहते हैं। बेटा पवन पंतनगर में नौकरी करता है। धर्मेंद्र के मुताबिक रिद्धिमा शुक्रवार दोपहर तीन बजे स्कूल से लौटी थी। इसके बाद वह उसे घर पर अकेला छोड़कर लांवाखेड़ा स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात पत्नी कमलेश को लेने चले गए थे। शाम को दोनों घर पहुंचे तो घर का दरवाजा खुला था। अंदर कमरे की चौखट के ही पास रिद्धिमा का शव कुंडे से लटका था।
रिद्धिमा का शव लटका देख पति-पत्नी के होश उड़ गए। उन्होंने चीखना-चिल्लाना शुरू किया तो भीड़ इकट्ठी हो गई। इसके बाद पहले थाना पुलिस और फिर एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान, एसपी देहात मुकेश चंद्र मिश्र, सीओ चमन सिंह चावड़ा मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम बुलाकर साक्ष्य इकट्ठे कराए गए। देर रात पुलिस ने छात्रा की मां की ओर से रिपोर्ट दर्ज कर हत्या के कारणों की तलाश शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- बरेली: बस अड्डों से हटेगा अतिक्रमण, खाद्य पदार्थों की होगी जांच
