Kanpur Dehat Accident: ट्रैक्टर में फंसकर 50 मीटर घिसटा बाइक सवार… युवक की मौत, पत्नी-बहन गंभीर
कानपुर देहात में ट्रैक्टर में फंसकर 50 मीटर तक बाइक सवार घिसटा।
कानपुर देहात में ट्रैक्टर में फंसकर 50 मीटर तक बाइक सवार घिसटा। हादसे में युवक की मौत हो गई। जबकि पत्नी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई।
कानपुर देहात, अमृत विचार। चौबेपुर-बेला मार्ग पर पहाड़ीपुर गांव के पास संपर्क मार्ग से आ रहे अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक सवार दंपति व महिला को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर भागने लगा। तभी बाइक सवार ट्रैक्टर के आगे लगे लेवलर में फंसकर करीब 50 मीटर तक घिसटता चला गया। जिससे उसकी मौत हो गई। जबकि उसकी पत्नी व बहन गंभीर रूप से घायल हो गई।
जनपद कन्नौज से खैर नगर सरौली गांव निवासी किसान वीरभान यादव का पुत्र प्रदीप कुमार यादव (24) शनिवार सुबह पत्नी सोनम (22) व विवाहित बहन सोनम (24) के साथ बाइक से शिवली दवा लेने जा रहा था। इसी दौरान पहाड़ीपुर गांव के पास मोती निवादा की तरफ से आ रहे अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक सवार दोनों महिलाएं उछल कर दूर जा गिरी।
जबकि बाइक चला रहा प्रदीप ट्रैक्टर के आगे लगे लेवलर में फंस गया। तभी चालक ने ट्रैक्टर को लेकर भागने का प्रयास किया। जिससे प्रदीप करीब 50 मीटर दूर सड़क में घसीटता चला गया। सूचना पर पहुंची पुलिस आनन-फानन एंबुलेंस से सभी को सीएचसी ले गई। जहां ईएमओ डॉ. नरेश चंद्रा ने परीक्षण के बाद प्रदीप को मृत घोषित कर दिया।
जबकि उसकी पत्नी सोनम व बहन सिकंदरपुर निवासी दीपक की पत्नी सोनम की हालत नाजुक होने पर कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे की जानकारी पर करीब एक घंटे बाद पहुंचे परिजन दोनों महिलाओं को इलाज के लिए हैलट ले गए।
वहीं सीएचसी में मृतक की मां अनीता देवी, पिता वीरभान, बड़े भाई रविंद्र, गजेंद्र, बेटा हर्षित आदि परिजन रोते-बिलखते रहे। वहीं चौकी इंचार्ज असालतगंज धर्मेंद्र कुमार मलिक ने सीएचसी पहुंचकर पंचायतनामा के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। थाना प्रभारी जनार्दन प्रताप सिंह ने बताया कि दुर्घटना करने वाला चालक को ट्रैक्टर सहित पकड़ लिया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
ट्रैक्टर चालक लगा देता ब्रेक तो शायद बच जाती जान
हादसा करने वाला ट्रैक्टर में मिट्टी खनन के उपकरण लगे हुए थे। ऐसे में ग्रामीणों ने बताया कि रात के अंधेरे में इस तरह के ट्रैक्टर मिट्टी का खनन करते हैं और सुबह ट्रैक्टर चालक तेज रफ्तार से अपने घरों की ओर जाते हैं। जिससे अक्सर हादसे होते रहते हैं। प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीणों ने बताया कि ट्रैक्टर चला रहे चालक ने बाइक में टक्कर मारने के बाद यदि ट्रैक्टर में ब्रेक लगा दिए होते। तो शायद उसकी जान बच जाती। लेकिन भागने के प्रयास मंे प्रदीप ट्रैक्टर में फंसकर करीब पचास मीटर तक घिसटता चला गया और मौत हो गई।
