पानी की टंकी पर चढ़कर हाईवोल्टेज ड्रामा: देखने के लिए जुटी भीड़, बोली- जबरन तलाक व धमकियों से हो गई हूं परेशान
कानपुर देहात में धमकियों से परेशान महिला जलनिगम कार्यालय की पानी टंकी में चढ़ी।
कानपुर देहात में धमकियों से परेशान महिला जलनिगम कार्यालय की पानी टंकी में चढ़ गई। टंकी पर चढ़कर महिला ने कूदने का प्रयास किया। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर महिला को टंकी से नीचे उतारा।
कानपुर देहात, अमृत विचार। जबरन तलाक व धमकियों से परेशान महिला माती जल निगम कार्यालय स्थित पानी टंकी पर चढ़ गई और न्याय न मिलने पर कूदने की धमकी दी। जिससे लोगों में हड़कंप मच गया और भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची जैनपुर चौकी पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया और महिला को समझा कर पानी टंकी से नीचे उतारा।
शनिवार को भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के बड़ा कुआं पुरानी औरैया रोड निवासी शबनूर खातून माती स्थित जल निगम कार्यालय पहुंची और परिसर में बनी पानी टंकी पर चढ़ गई। जिसपर आसपास लोगों की भीड़ लग गई। महिला ने न्याय न मिलने पर टंकी से कूदने का प्रयास किया तो लोगों में हड़कंप मच गया। इसी दौरान सूचना पर जैनपुर चौकी इंचार्ज संजीव कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
उन्होंने महिला को कार्रवाई का आश्वासन देकर किसी तरह पानी टंकी से नीचे उतारा। महिला ने पुलिस को बताया कि उसका निकाह 11 फरवरी 2018 को झांसी की शहर कोतवाली के इतवारी गंज निवासी मुजफ्फर अली के साथ हुई थी। बाद में उसने अतिरिक्त दहेज की मांग करते हुए मारपीट कर उसे भगा दिया और तलाक की नोटिस भेज रहा है।
साथ ही तलाक न लेने पर जान से मारने की धमकी देता है। पीड़िता ने बताया कि उसने मामले में 3 अक्टूबर 2021 को भोगनीपुर कोतवाली में रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है। चौकी इंचार्ज ने बताया कि महिला को समझाकर पानी टंकी से उतार लिया गया था। तहरीर देने पर कार्रवाई की जाएगी।
