विज्ञान व वैदिक गणित प्रतियोगिता में काशी बना चैंपियन, सांस्कृतिक प्रतियोगिता में गोरक्ष नगरीय को मिली चैंपियनशिप
सुलतानपुर। विद्या भारती पूर्वी उत्तर-प्रदेश क्षेत्र की ओर से आयोजित 21वें ज्ञान-विज्ञान मेले में क्षेत्र स्तरीय विज्ञान व वैदिक गणित में काशी नगरीय तथा सांस्कृतिक महोत्सव की प्रतियोगिता में गोरक्ष नगरीय को चैंपियनशिप मिली है। यह सभी टीमें अब राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में शामिल होगी।
नगर स्थित सरस्वती विद्या मन्दिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, विवेकानन्द नगर में चल रहे तीन दिवसीय क्षेत्रीय ज्ञान-विज्ञान मेले का शनिवार को भव्य समापन हुआ। जिसमें प्रमुख विजेता टीमों को उच्च न्यायालय के न्यायाधीश शेखर यादव व पूर्व केन्द्रीय मंत्री व सांसद मेनका गांधी ने पुरस्कृत किया।
उच्च न्यायालय प्रयागराज न्यायमूर्ति शेखर यादव ने कहा कि मेहनत और ईमानदारी व्यक्ति को जीवन में सफल बनाती है। शिक्षा धन से नहीं मिलती है, जिसे लोग आज खरीद रहे हैं। धन, लालच, प्रलोभन से मिलने वाली शिक्षा में संस्कार नहीं होता है। शिक्षा में संस्कार नहीं है तो धन, नौकरी तो प्राप्त हो जायेगी परन्तु संस्कार नहीं मिल पायेगा।
संस्कार हमें आपसी सम्बन्धों में सम्मान सिखाता है। संस्कार नहीं है तो वह अच्छा इंसान नहीं बन सकता। उन्होंने श्रीराम के आदर्श का उदाहरण देते हुए जाति व्यवस्था, छुआछूत और अभिमान से दूर रहने की सलाह दी और कहा कि हम श्रीराम से बड़े तो नहीं है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे ब्लाक प्रमुख शिव कुमार सिंह ने कहा कि बालिका शिक्षा को बढ़ावा मिलना चाहिए। यह दो परिवारों का प्रतिनिधित्व करती हैं। इन्हें अच्छे संस्कार मिले तो दो परिवार अच्छे बनेंगे।
कार्यक्रम में वृत्त निवेदन क्षेत्र संगठन मंत्री हेमचन्द्र ने प्रस्तुत किया तथा अतिथियों का परिचय प्रधानाचार्य सुमंत पांडेय ने कराया। अतिथियों का सम्मान अध्यक्ष भोला नाथ अग्रवाल, प्रबंधक डॉ. पवन सिंह, क्षेत्र संयोजक बांके बिहारी पांडेय, प्रधानाचार्य बलवंत सिंह ने किया। धन्यवाद ज्ञापन संयोजक व प्रदेश निरीक्षक शेषधर द्विवेदी ने किया। कार्यक्रम में रामराजी बालिका विद्या मन्दिर, सरस्वती विद्या मन्दिर सिरवारा मार्ग के छात्र-छात्राओं ने पारम्परिक गीत व नृत्य प्रस्तुत कर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। संचालन छात्रा अनुकृति पाण्डेय व छात्र अनादि श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से किया।
यह भी पढ़ें: विश्वकप क्रिकेट 2023: भारतीय टीम की जीत के लिए प्रशंसकों ने की दुआ, जमकर लगा सट्टा!
