रायबरेली में शोहदे ने किया छात्रा से दुष्कर्म का प्रयास, विरोध पर जमकर पीटा
रायबरेली, अमृत विचार। महिला अपराधों को रोकने के लिए शासन स्तर पर एक्शन लेने के साथ मिशन शक्ति दीदी अभियान चल रहा है तो साथ ही एंटी रोमियो टीम भी लगी है लेकिन शोहदों का आतंक खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला मिल एरिया थाना क्षेत्र का है जहां स्कूल से वापस आ रही कक्षा 10 की छात्रा से शोहदे ने न सिर्फ रास्ते में रोककर दुष्कर्म का प्रयास किया बल्कि छात्रा के विरोध करने पर उसे जमकर पीटा। छात्रा के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
बताते हैं कि आरोपी तबरेज खान द्वारा पीड़िता को आये दिन परेशान किया जाता रहा है इसके पहले भी छात्रा के भाई ने आरोपी को समझाया भी था। परिजनों के मुताबिक शनिवार को जब पीड़ित छात्रा स्कूल से वापस लौट रही थी तभी रास्ते में घात लगाए बैठे शोहदे तबरेज द्वारा जबरन छात्रा को बाग की तरफ ले जाकर दुष्कर्म का प्रयास किया गया। छात्रा के विरोध करने पर आरोपी ने उसकी पिटाई कर दी। पीड़िता की चीख पुकार सुनकर आरोपी मौके से फरार हो गया।
एएसपी नवीन कुमार सिंह का कहना है कि आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें लगा दी गई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ये भी पढ़ें -बुंविवि में शिक्षकों पर भ्रष्टाचार का आरोप, एबीवीपी ने किया प्रदर्शन
