Farrukhabad: दवा लेने जा रहे बीटीसी के छात्र की हादसे में मौत, एक यात्री घायल, गुस्साई भीड़ ने जाम लगाने का किया प्रयास

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फर्रुखाबाद में दवा लेने जा रहे बीटीसी के छात्र की हादसे में मौत।

फर्रुखाबाद में दवा लेने जा रहे बीटीसी के छात्र की हादसे में मौत हो गई। जबकि एक अन्य घायल हो गया। पुलिस ने उसे इलाज के लिए शमसाबाद में भर्ती कराया।

फर्रुखाबाद, अमृत विचार। शमसाबाद थाना क्षेत्र में शनिवार को दवा लेने जा रहे बीटीसी के छात्र की मार्ग दुर्घटना में मौत हो गई, जबकि एक अन्य यात्री घायल हो गया। मरने वाला पड़ोसी जिला एटा का रहने वाला था। वह अपनी ससुराल आलेपुर में रह रहा था।

पड़ोसी जिला एटा के थाना जैथरा के गांव ललयत का रहने वाला राहुल (26) पुत्र कुंवर सिंह अपनी ससुराल शमसाबाद थाना क्षेत्र के गांव अलैपुर में रामदास के घर रह कर बीटीसी कर रहा था। शनिवार को वह दवा लेने के लिए टेंपो से कायमगंज जा रहा था। वह जैसे ही गांव मुराठी के पास पहुंचा उसी समय सामने से आ रही पिकअप ने टेंपो में टक्कर मार दी।

जिससे राहुल नीचे जा गिरा। उसी समय उसके सिर के ऊपर से पिकअप का पहिया निकल गया। उसकी मौके पर मौत हो गई। टेंपो में सवार एटा जिले के थाना अलीगंज के गांव जुनैद का रहने वाला राजपाल पुत्र हरिश्चंद्र घायल हो गया। घटना की सूचना पाकर फैजबाग चौकी इंचार्ज आनन्द कुमार मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घायल को सीएचसी शमसाबाद में भर्ती कराया।

घटना की सूचना मृतक के ससुराल अलैपुर भेजी गई। मौके पर पहुंचे रामदास ने बताया कि राहुल बीटीसी फाइनल का छात्र था। वह उसके साथ रह कर अपनी शिक्षा पूरी कर रहा था। राहुल को तीन दिन से बुखार आ रहा था, जिसकी दवा लेने वह कायमगंज जा रहा था।

दरोगा आनन्द कुमार ने बताया कि पिकअप चालक फरार हो गया है। उसकी तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। मार्ग दुर्घटना में हुई छात्र की मौत की सूचना पाकर घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। गुस्साई भीड़ ने जाम लगाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने मौके से शव उठा कर थाने भेज दिया। 

डीसीएम की टक्कर से महिला की मौत

मेरापुर थाना क्षेत्र के गांव नगला शिब्बू निवासी मन्जू देवी (45) पत्नी दीपक  अपने पुत्र  प्रवीन के साथ मेरापुर दवा लेने जा रही थी। अचरा के पास सामने से आ रही डीसीएम ने ई रिक्शा में टक्कर मार दी जिससे मन्जू देवी की मौके पर मौत हो गई।

मृतका के ससुर जगदीश ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि डीसीएम के चालक संजेश कुमार निवासी नगला पट्टी थाना नया गांव जिला एटा ने ई रिक्शा में टक्कर मार दी जिससे उसकी पुत्रवधू की मौके पर मौत हो गई। चालक डीसीएम लेकर घटना स्थल से भाग गया। पुलिस ने जगदीश की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

 

संबंधित समाचार