बरेली: अमीन की गिरफ्तारी मामले में एंटी करप्शन के डीआईजी को भेजा पत्र
बरेली, अमृत विचार। रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किए गए संग्रह अमीन रामजी शरण के मामले में राजस्व संग्रह अमीन संघ के पदाधिकारी निष्पक्ष जांच की लगातार मांग कर रहे हैं। डीएम, एसएसपी से मामले को अवगत कराने के बाद अब संघ की ओर से एंटी करप्शन (भ्रष्टाचार निवारण संगठन) लखनऊ के डीआईजी विनोद कुमार मिश्रा को पत्र भेजा गया है।
संगठन के मंडल अध्यक्ष सूर्य प्रकाश पटेल और मंडल मंत्री हरिओम दीक्षित ने पत्र में कहा है कि अमीन रामजी शरण को साजिश के तहत फंसाया गया है। कहा है कि एंटी करप्शन की टीम के साथ शिकायत करने वालों की वीडियो भी हैं।
मंडल अध्यक्ष, महामंत्री का आरोप है कि चुनावी रंजिश को लेकर संग्रह अमीन मनोज कुमार यादव ने एंटी करप्शन टीम के निरीक्षक इश्तयाक वारसी और अन्य की मदद से साजिश के तहत फंसाकर रामजी शरण को जेल भिजवाया है। पत्र में कहा कि रामजी के बड़े भाई सर्वेश कुमार शर्मा अमीन संघ के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। संघ ने उप महानिरीक्षक से मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़ें- बरेली: 10 कीटनाशकों की बिक्री पर प्रतिबंध, दुकानदारों को किया सचेत
