Fatehpur Crime: नाबालिग के साथ युवक ने किया दुष्कर्म, विरोध करने पर पीटा, FIR दर्ज, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
फतेहपुर में नाबालिग के साथ युवक ने किया दुष्कर्म।
फतेहपुर में नाबालिग के साथ युवक ने दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, विरोध करने पर पिटाई भी की। इसके बाद कहीं शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया।
फतेहपुर, अमृत विचार। पड़ोसी युवक ने घर पर अकेली किशोरी को देखकर कमरे में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। किशोरी के विरोध करने पर युवक ने मुंह में कपड़ा ठूसने का प्रयास किया और पिटाई कर किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। पीड़ित के पिता ने पुलिस को तहरीर दी है। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।
जाफरगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में 16 वर्षीय किशोरी दोपहर में घर पर अकेली थी। मां खेत पर काम करने चली गई। इसी बीच पड़ोसी युवक राम नरेश घर में घुसकर किशोरी को जबरन खींचकर कमरे में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म करने लगा। किशोरी ने चीखने चिल्लाने की कोशिश की तो आरोपी युवक ने पिटाई करते हुए मुंह में कपड़ा ठूसने का प्रयास किया।
चीख-पुकार सुनकर पास में रहने वाली एक रिश्तेदार और ग्रामीण जब घर के पास पहुंचे तो आरोपी युवक जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। घर पहुंची मां से पीड़ित किशोरी ने पूरी बात बताई तो मां ने गुजरात में काम करने वाले पति को जानकारी दी।
गुजरात से पहुंचे पिता ने तहरीर पुलिस को तहरीर दी। मामले में थाना प्रभारी सत्यपाल सिंह ने बताया कि मामले में दुष्कर्म, मारपीट, जान से मारने की धमकी देना और पॉस्को एक्ट में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
