बरेली: छात्र की गला दबाकर हत्या, पानी में फेंका शव
बरेली,अमृत विचार। आठवीं के छात्र की गला दबाकर हत्या करने के बाद शव को पानी में फेंक दिया गया। परिवार के लोगों ने गांव के ही एक युवक पर हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के नवदिया गांव निवासी …
बरेली,अमृत विचार। आठवीं के छात्र की गला दबाकर हत्या करने के बाद शव को पानी में फेंक दिया गया। परिवार के लोगों ने गांव के ही एक युवक पर हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के नवदिया गांव निवासी 12 वर्षीय देव सिंह पुत्र कुंवरपाल गांव के ही स्कूल में कक्षा आठ का छात्र था। परिजनों ने बताया कि गुरूवार को गांव का शिशुपाल उसे बुलाकर ले गया था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने गांव में काफी देर तलाश करने के बाद रिश्तेदारों में भी पूछताछ की मगर कोई पता नहीं लगा सका। रात में गांव वालों को ट्यूबवैल के गड्ढे में भरे पानी में देव की लाश मिली। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। परिजनों ने गांव के ही युवक पर हत्या का आरोप लगाया है।
परिजनों के मुताबिक देव के पिता की किसान सम्मान निधि आती है। काफी समय से निधि का पैसा गांव के खेमपाल के खाते में जा रहा था। अब तक कुल ₹20000 रुपये जा चुके हैं। कई बार खेमपाल से रुपये मांगे गए लेकिन वह नहीं लौटा रहा था। इसको लेकर झगड़ा हुआ था। परिजनों ने इसी के चलते बेटे की हत्या होने की आशंका जताई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुलिस को पता चला कि बालक की गला दबाकर हत्या की गई है। इसके बाद पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।
