कूड़ा कलेक्शन: बरेली में हर परिवार से लिया जाएगा यूजर चार्ज, नगर निगम ने लागू की नई व्यवस्था
नगर निगम ने 40 वार्डों में कूड़ा कलेक्शन की जिम्मेदारी अपने हाथ में लेने के साथ लागू की नई व्यवस्था
बरेली, अमृत विचार। डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन करने वाली एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने के बाद नगर निगम ने दो जोन के 40 वार्डों में कूड़ा कलेक्शन की जिम्मेदारी अपने हाथों में ले ली है। इसके लिए वह दोगुना वेतन देकर एजेंसी के ही कर्मचारियों का इस्तेमाल करेगा। यूजर चार्ज की वसूली परिवारों की संख्या के हिसाब से की जाएगी। यानी अब अगर किसी मकान में किराएदार रह रहे हैं तो उन्हें अलग यूजर चार्ज देना होगा।
यह भी पढ़ें- बरेली: मरीजों को मिली राहत, अब अल्ट्रासाउंड को नहीं भटकेंगी महिलाएं
हालांकि इस सबके बावजूद कूड़ा कलेक्शन की जिम्मेदारी को पूरा कर पाना नगर निगम के लिए कठिन चुनौती माना जा रहा है। शहर में जोन दो और चार में 40 वार्ड हैं जिनमें एक लाख से ज्यादा भवन है। कहीं एक भवन में दो परिवार तो कहीं उससे भी ज्यादा परिवार रह रहे हैं। कूड़ा कलेक्शन का यूजर चार्ज भी भवन नहीं बल्कि उनमें रहने वाले परिवारों के हिसाब से लिया जाएगा। इनमें मकानों के अलावा होटल, धर्मशाला, रेस्टोरेंट, नर्सिंग होम, अस्पताल जैसे व्यावसायिक भवन भी शामिल हैं। मकानों से 30 से 150 रुपये तक यूजर चार्ज लिया जाना है, व्यावसायिक भवनों का यूजर चार्ज एक से पांच हजार तक है।
ब्लैकलिस्ट एजेंसी कूड़ा कलेक्शन के लिए 23 वाहन और 170 रिक्शे इस्तेमाल कर रही थी। एक वाहन पर तीन कर्मचारी थे। तेल और मेटिनेंस का खर्च एजेंसी की ही जिम्मेदारी था। नगर निगम एजेंसी की तुलना में ज्यादा कर्मचारी लगाकर कूड़ा कलेक्शन कराएगा। परिवारों की संख्या के हिसाब से यूजर चार्ज की वसूली के पीछे इंदौर, भोपाल,चंडीगढ़ जैसे शहरों का उदाहरण पेश किया जा रहा है। इस हिसाब से यूजर चार्ज की वसूली किए जाने पर नगर निगम की आय बढ़ने की भी उम्मीद जताई जा रही है।
अनुमान लगाया जा रहा है कि दोनों जोन में अगर एक लाख परिवारों से दो सौ रुपये का भी चार्ज वसूल किया गया तो महीने में औसतन दो करोड़ रुपये नगर निगम को मिलेंगे। इसमें सभी खर्च निकालने के बाद न्यूनतम 75 लाख रुपये की बचत नगर निगम को हो सकती है। यह तभी हो सकता है जब हर घर तक सर्विस पहुंचे और यूजर चार्ज की भी शत-प्रतिशत वसूली हो जाए
यह भी पढ़ें- नो बिल नो पेमेंट’ नीति बरेली जंक्शन पर धड़ाम, ठगे जा रहे यात्री
