प्रयागराज: कमरे में चल रहा था झाड़ फूंक, लोगों ने सेक्स रैकेट का मचाया शोर, पुलिस ने किया यह खुलासा...
प्रयागराज। हंडिया तहसील के एक गांव में झाड़-फूंक की कार्रवाई पर कुछ लोगों ने सेक्स रैकेट का हल्ला मचा दिया। महिलाओं के बयान से जुड़ा एक वीडियो वायरल हुआ जिसे सेक्स रैकेट से जोड़कर बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने इसे पूरी तरह से गलत बताया है।
बताया गया है कि हंडिया थाना क्षेत्र के भीटी गांव स्थित एक घर में कुछ महिलाएं और पुरुष मौजूद थे। उनके बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ तो हंगामा हो गया। सूचना पर हंडिया पुलिस मौके पर पहुंच गई। जहां मकान के अंदर नींबू, फूल समेत अन्य सामान मिले।
पूछताछ में पता चला कि एक शख्स झाड़-फूंक कर रहा था। पुलिस तीन महिला व तीन पुरुषों को पकड़कर थाने ले आई और पूछताछ की। इसी बीच कुछ लोगों ने गांव में सेक्स रैकेट का हल्ला मचाते हुए वीडियो इंटरनेट पर वायरल कर दिया। एसीपी हंडिया सुधीर कुमार का कहना है कि सेक्स रैकेट की बात पूरी तरह से गलत है। झाड़-फूंक करने पर तीन युवकों का चालान किया गया है।
यह भी पढ़ें: अलीगढ़ में बड़ा बवाल, राम बारात पर हुआ पथराव - दो घायल, भारी फोर्स तैनात
