प्रतिबंधित प्लास्टिक पर जुर्माना वसूली में शहर नंबर वन, Kanpur नगर निगम ने छह माह में कमाए 1.43 करोड़ रुपये

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रतिबंधित प्लास्टिक पर जुर्माना वसूली में कानपुर नंबर वन पर है।

प्रतिबंधित प्लास्टिक पर जुर्माना वसूली में कानपुर नंबर वन पर है। नगर निगम ने छह माह में 1.43 करोड़ रुपये कमाए। जबकि वाराणसी दूसरे और तीसरे स्थान पर आगरा नगर निगम रहा है।

कानपुर, [अभिषेक वर्मा]। प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के विरुद्ध अभियान चलाकर जुर्माना वसूली में कानपुर नगर निगम प्रदेश में पहले स्थान पर आया है। वित्तीय वर्ष 2023-24 में एक अप्रैल से 30 सितंबर तक छह माह में निगम ने प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ अभियान चलाकर एक करोड़ 43 लाख 98 हजार रुपये की वसूली की है। इस मद में राजस्व एकत्र करने वालों में वाराणसी दूसरे और आगरा नगर निगम तीसरे स्थान पर है। 

शासन ने सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग, खरीद-बिक्री और निर्माण पर रोक लगा रखी है। लेकिन, इसके बाद भी कुछ कंपनियां चोरी-छिपे प्रतिबंधित प्लास्टिक का सामान बनाकर उसे बाजार में बेच रही हैं।

इसकी रोकथाम के लिए नगर निगम लगातार अभियान चलाकर जुर्माना और माल जब्त करने की कार्रवाई करता है। बीते छह माह में नगर निगम ने प्रतिबंधित प्लास्टिक की कई बड़ी खेप पकड़कर नष्ट करायी हैं। इस काम में प्रवर्तन विभाग के एक अफसर, 12 पूर्व सैनिक और आठ होमगार्ड का दस्ता सक्रिय रहता है।  

गुजरात के हलोल से आता थर्माकोल

शहर में प्रतिबंधित थर्माकोल जानकारी के मुताबिक गुजरात के हलोल से हर दूसरे दिन शहर आता है। ट्रकों में दूसरे माल के साथइसे छिपाकर लाया जाता है।  नगर निगम अधिकारियों की माने तो नो एंट्री हटने के बाद ऐसे ट्रक शहर में प्रवेश करते हैं, रात में ही टीपी नगर में माल उतारकर दूसरे वाहन में लाद दिया जाता है। अनुमान है कि हर दूसरे दिन 15 से 18 टन तक प्रतिबंधित सामान लाया जाता है।

शासन की मंशा के अनुरूप प्रतिबंधित प्लास्टिक पर लगातार कार्रवाई कर रहे हैं। इस वित्तीय वर्ष में अभी तक हमने जुर्माना से सर्वाधिक राजस्व वसूली की है। प्रदेश के सभी 17 नगर निगमों में कानपुर पहले नंबर पर है।- प्रतिपाल सिंह चौहान, अपर नगर आयुक्त।

संबंधित समाचार