मुरादाबाद : धातु शिल्प में प्रशिक्षण के लिए 25 अक्टूबर तक करें ऑनलाइन आवेदन
मुरादाबाद,अमृत विचार। उद्योग विभाग की ओर से एक जनपद एक उत्पाद योजना को बढ़ावा देने के लिए धातु शिल्प के कारीगरों को 10 दिवसीय प्रशिक्षण के लिए 25 अक्टूबर तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
संयुक्त आयुक्त उद्योग योगेश कुमार ने बताया कि एक जनपद एक उत्पाद योजना व टूलकिट प्रशिक्षण के लिए धातु शिल्प के कारीगरों के लिए आवेदन पत्र ऑनलाइन उपलब्ध है। आवेदन करने वाले की आयु 18 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए और वह पारंपरिक धातु शिल्प का कार्य करता हो। चयन के बाद 10 दिन तक निशुल्क प्रशिक्षण और टूलकिट दी जाएगी। साथ ही 200 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से 2000 रुपये मानदेय के रूप में प्रशिक्षणार्थी के बैंक खाते में आनलाइन भेजा जाएगा।
उन्होंने बताया कि आवेदक को साक्षात्कार के समय मोबाइल नंबर, पासपोर्ट साइज का फोटो, आधार कार्ड की प्रति और बैंक खाता नंबर, परिवार की वार्षिक आय और सामाजिक स्थिति का प्रमाणपत्र देना होगा। इच्छुक अभ्यर्थी अधिक जानकारी के लिए कार्यालय उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन और उद्यमिता विकास केंद्र निकट 23 वीं वाहिनी पीएसी कांठ रोड पर संपर्क कर सकते हैं।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : पैथोलॉजी लैब का पर्दाफाश, 12वीं फेल युवक खून की जांच कर तैयार कर रहा था रिपोर्ट
