प्रयागराज: डॉन बबलू श्रीवास्तव के साथ पुलिस की 30 साल पहले हुई थी मुठभेड़, साथी हुआ था ढेर, यह थी पूरी कहानी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रयागराज। सराफा कारोबारी पंकज महिंद्रा के अपहरण मामले में आरोपी बबलू श्रीवास्तव की तीस साल पहले इसी प्रयागराज के जार्ज टाउन में पुलिस के साथ मुठभेड़ भी हो चुकी है, जिसमें उसका साथी राजू भटनागर मारा गया था, लेकिन वह साथी बृजमोहन के साथ फरार होने में कामयाब हो गया था।

यह कहानी तीन दशक पहले तब की है, जब माफिया डॉन बबलू अपने साथी राजू भटनागर और बृजमोहन के साथ बनारस के एक बड़े व्यापारी के अपहरण की योजना बनाकर लखनऊ से निकले थे। जिसकी भनक लगने के बाद लखनऊ के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक एसएन सिंह पक्का ने इन तीनों का इलाहाबाद तक पीछा किया था। इसके बाद इन तीनों के साथ जार्ज टाउन थाना क्षेत्र में स्थित राजा बेरांव की कोठी के पास पुलिस के साथ मुठभेड़ हो गई।

उस मुठभेड़ में बबलू का साथी राजू भटनागर मारा गया, लेकिन बृजभूषण के साथ बबलू श्रीवास्तव भागने में कामयाब हो गया। बताया जाता है कि मुठभेड़ स्थल से पुलिस में 315 बोर की अमेरिकन पिस्टल समेत भारी मात्रा में कारतूस और हथियार बरामद किए गये थे। जार्ज टाउन थाने में दर्ज मुकदमे के आधार पर जिला अदालत में मुकदमा चला।

उसमें बृजमोहन पेश हुआ और पुलिस केस होने का लाभ पाकर बरी हो गया, लेकिन फरार डॉन बबलू श्रीवास्तव की गैर हाजिरी के कारण पत्रावली अलग कर दी गई। तब से उस मामले की पत्रावली किस स्थिति में है किसी जानकारी में नहीं है।

अगर मिली फाइल, तो फिर खुलेगा केस

30 साल पहले उसके साथी राजू भठनागर मुठभेड़ मामले में बहैसियत सरकारी वकील मुकदमा लड़ चुके मौजूदा जिला शासकीय अधिवक्ता (फौजदारी) गुलाब चंद्र अग्रहरि का कहना है कि अपहरण किंग की उस फाइल की तलाश की जा रही है। अगर फाइल मिली तो फिर से खोली जाएगी। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी की जीरो टोरलेंस की नीति तहत किसी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। मामले नए हो या पुराने कोई बचेगा नहीं। वह बताते हैं कि लखनऊ से माफिया का पीछा करने वाले आईपीएस एसएन सिंह पक्का की बृजमोहन के मामले में इलाहाबाद आईजी रहते हुए गवाही हुई थी।

यह भी पढ़ें: प्रयागराज: बुलेटप्रूफ जैकेट में डॉन बबलू श्रीवास्तव की कोर्ट में हुई पेशी, फिरौती मामले में बयान दर्ज

संबंधित समाचार