शाहजहांपुर: सीडीओ ने रोका ईओ कांट, कलान, कटरा और तिलहर का वेतन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहजहांपुर, अमृत विचार। सीडीओ एसबी सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में हुई संचारी रोग नियंत्रण अभियान की समीक्षा बैठक में अनुपस्थित रहने पर सीडीओ ने कांट, कलान, कटरा और तिलहर के ईओ का वेतन रोक दिया है। खराब प्रगति वाले बीडीओ को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान सीडीओ ने संचारी रोग नियंत्रण अभियान के विभिन्न पैरामीटर की समीक्षा की। अभियान में जिले की खराब रैंकिंग पर मुख्य विकास अधिकारी ने रोष व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि सभी उप जिला अधिकारी और तहसीलदार एंटी लार्वा दवा के छिड़काव और फॉगिंग का प्रतिदिन निरीक्षण करें। ईओ को निर्देशित करते हुए कहा कि अपने-अपने क्षेत्र में शत प्रतिशत एंटी लार्वा का छिड़काव और फॉगिंग करवाना सुनिश्चित किया जाए। 

सभी ईओ को प्रतिदिन गांवों में निरीक्षण करने के बाद निरीक्षण रिपोर्ट अपर जिलाधिकारी प्रशासन को उपलब्ध कराने के लिए कहा। सभी खंड विकास अधिकारियों को प्रतिदिन 3 ग्रामों का निरीक्षण करने के बाद निरीक्षण रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बीएसए और डीआईओएस को सभी स्कूलों में संचारी रोग नियंत्रण अभियान के लिए निबंध प्रतियोगिता, चित्रकला प्रतियोगिता, नाटक प्रतियोगिता आदि के माध्यम से संचारी रोग नियंत्रण और उसके निराकरण के लिए प्रतियोगिताओं का आयोजन करने का निर्देश दिया। 

सीडीओ ने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रचार प्रसार के लिए वॉलिंटियर्स बनाकर लोगों को संचारी रोग नियंत्रण व साफ-सफाई के लिए जागरूक करें। सीडीओ ने कहा कि संचारी रोग नियंत्रण के लिए कम्युनिटी सपोर्ट अत्यंत आवश्यक है। जन जागरूकता से ही संचारी रोगों पर नियंत्रण पाया जा सकता है।

ये भी पढे़ं- शाहजहांपुर: झगड़ा शांत कराने गए सिपाहियों से हाथापाई, फाड़ी वर्दी

 

संबंधित समाचार