नोएडा: कर्मचारियों के विरोध के बाद जीआईएमएस ने 255 नर्सों की भर्ती की प्रक्रिया रद्द की

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नोएडा। ग्रेटर नोएडा स्थित राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जीआईएमएस) ने सोमवार को 255 स्टाफ नर्स पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया रद्द कर दी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अस्पताल में कुछ कर्मचारियों के विरोध प्रदर्शन के बाद इसे रद्द किया गया है।

उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के विरोध प्रदर्शन से अस्पताल में उपचार सेवाएं प्रभावित हो रही थी। जीआईएमएस के निदेशक ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) डॉ. राकेश गुप्ता ने एक आदेश में कहा, "जनसाधारण को सूचित किया जाता है कि ग्रेटर नोएडा स्थित राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान स्टाफ नर्स के 255 पदों पर सीधी भर्ती के लिए आठ अक्टूबर को प्रकाशित विज्ञापन अपरिहार्य कारणों से रद्द कर दिया गया है।" 

उन्होंने कहा कि विज्ञापन प्रकाशित होने के बाद संस्थान में कार्यरत स्टाफ नर्सों में इस भर्ती को लेकर गुस्सा था और उन्होंने नियमित पदों पर अपनी भर्ती की मांग की थी। गुप्ता ने बताया कि सोमवार को अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन हुआ और अस्पताल की सभी उपचार सेवाएं बाधित कर दी गयीं, जिससे मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।

उन्होंने बताया कि उपरोक्त समस्या को देखते हुए तथा संस्थान में कार्यरत नर्सिंग स्टाफ के हित में और उन्हें नियमित भर्ती में प्राथमिकता देने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। गुप्ता ने कहा कि नई भर्ती के लिए एक प्रस्ताव सरकार को भेजा जा रहा है और उसकी मंजूरी के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

ये भी पढ़ें -बहराइच के पंचायत सहायकों ने मांगों को लेकर दिया धरना, डीएम को सौंपा ज्ञापन

संबंधित समाचार