कानपुर में प्रदेश अध्यक्ष अजय राय बोले- कांग्रेस की पूरी तैयारी, सपा ज्यादा सीटों पर समर्थन दे, कहीं ये बड़ी बात
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय कानपुर पहुंचें।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय कानपुर पहुंचें। जहां उन्होंने कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के 13 जिलों में पार्टी की स्थिति का जायजा लिया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस की पूरी तैयारी है। बस सपा ज्यादा सीटों पर समर्थन दें।
कानपुर, अमृत विचार। ‘कांग्रेस किसी के भरोसे चुनाव मैदान में नहीं उतर रही है। प्रदेश की सभी 80 सीटों पर पूरी तैयारी है। इंडिया गठबंधन में सीट बंटवारे पर बातचीत चल रही है। केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर बंटवारे में मिली सीटों पर प्रत्याशी चयन प्रक्रिया शुरू की जाएगी।’ यह बात प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने मंगलवार को खलासी लाइन स्थित शास्त्री भवन में पत्रकारों से कही।
अजय राय ने कहा कि आने वाला समय कांग्रेस का है, इसलिए सपा को चाहिए वह कांग्रेस को ज्यादा से ज्यादा सीटों पर समर्थन दे। लेकिन जरूरत पड़ी तो कांग्रेस सभी 80 सीटों पर बेहतर प्रदर्शन दिखा सकती है। हालांकि इंडिया गठबंधन में भाजपा के मुकाबले विपक्ष का एक ही प्रत्याशी उतारने का प्रयास है।
अजय राय दो घंटे देरी से अपराह्न तीन बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। वाराणसी से चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि नेतृत्व के आदेश पर पहले भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विरुद्ध चुनाव लड़े थे, आदेश मिला तो फिर लड़ेंगे। फिलहाल कांग्रेस का संगठन बहुत जर्जर है, जिसे दुरुस्त करना है।
‘सात महीने सात दिन जुटे रहो फिर दिल्ली तुम्हारी’
कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के 13 जिलों से आए प्रमुख पदाधिकारियों, पीसीसी व एआईसीसी सदस्यों को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 का माहौल विपक्षी गठबंधन के पक्ष में है। कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए बोले, सात दिन सात महीने जुटे रहे तो मोदी सरकार को उखाड़ फेंकेंगे। लोकसभा चुनाव में इतना ही समय बचा है।
शास्त्री भवन में विभिन्न जनपदों के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए अजय राय ने मोदी और योगी सरकार को झूठ का पुलिंदा वाली सरकार बताया। बैठक को पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी, संगठन सचिव अनिल यादव, पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी, पूर्व मंत्री प्रदीप जैन आदित्य ने भी संबोधित किया। बाद में अजय राय ने 13 जिलों के पदाधिकारियों से अलग-अलग बात कर पार्टी की स्थिति का आकलन किया।
