Kanpur: छात्रों को गांजा देकर शहर को बनाया जा रहा उड़ता पंजाब, फुटकर के साथ थोक में भी बिक रहा... तीन गिरफ्तार
कानपुर में अंतराज्जीय महिला गांजा तस्कर समेत तीन गिरफ्तार।
कानपुर में पुलिस ने अंतराज्जीय महिला गांजा तस्कर समेत तीन को गिरफ्तार कर लिया। तस्कर छात्र बेल्ट में सबसे ज्यादा सप्लाई करते थे।
कानपुर, अमृत विचार। उड़ीसा से ट्रेन में पिट्ठू बैग में भरकर ले जा रहे गांजे के साथ महिला समेत तीन तस्करों को रेलबाजार पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 12 किलो गांजा बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार वहां से तीन हजार रुपये किलो में गांजा खरीदते और कानपुर में 32 हजार रुपये किलो तक बिक जाता था। गांजे की सबसे ज्यादा खपत छात्रों के बीच में है। तस्करों ने पुलिस को बताया कि कानपुर के छात्र बेल्ट में सबसे ज्यादा गांजे की खपत है। यूनिवर्सिटी से लेकर एचबीटीयू, सीएसए और काकादेव की कोचिंग मंडी में जमकर गांजा बिकता है।
मंगलवार को खुलासा करते हुए एडीसीपी पूर्वी आकाश पटेल ने बताया कि रेलबाजार प्रभारी निरीक्षक विजय दर्शन शर्मा ने गांजा तस्करों के अंतरराज्जीय गैंग का खुलासा किया है। खाड़ेपुर नौबस्ता निवासी मरदान सिंह उर्फ गुड्डन, उड़ीसा निवासी शरद साहू उर्फ कालिया और उड़ीसा निवासी लक्ष्मी प्रधान को गिरफ्तार किया है। ये तीनों उड़ीसा से तीन हजार रुपये किलो गांजा खरीदते थे।
कानपुर में थोक में आठ हजार रुपये और पुड़िया बनाकर फुटकर में 32 हजार रुपये किलो तक बेच लेते हैं। शहर भर में भारी मात्रा में गांजा बेचा जा रहा है। पुलिस ने बताया कि इनका सरगना कोई और है उसका पता लगाया जा रहा है।
