हरदोई: पुलिस ने अंतर्राज्यीय गिरोह के तीन चोरों को किया गिरफ्तार
हरदोई। बिलग्राम पुलिस ने अंतर्राज्यीय गिरोह के तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्ज़े से चोरी की गई तीन बाइक, एक पम्पिंग सेट, दो सोलर पैनल, एक बैट्री के अलावा तमंचा व कारतूस बरामद किए गए हैं। एसपी केशव चन्द्र गोस्वामी ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे के फुटेज और गहराई से की गई जांच से अंतर्राज्यीय गिरोह के चोर हत्थे चढ़े।
एसपी श्री गोस्वामी ने बताया कि 29 जुलाई को खालेपुरवा कोतवाली बिलग्राम निवासी मदनपाल पुत्र चेतराम की बाइक बिलग्राम कस्बे से चोरी हो गई थी। जिसकी रिपोर्ट दर्ज करने के बाद बिलग्राम पुलिस गहराई से छानबीन करने लगी। वहां लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले गए। उसी बीच बुधवार को पता चला कि कुछ संदिग्ध युवक बाइक पर सवार हो कर छिबरामऊ से बिलग्राम की तरफ जा रहें हैं।
इस पर एसएचओ बिलग्राम धर्मदास सिद्धार्थ ने अपनी टीम के साथ म्योरा मोड़ तिराहे पर पहुंच कर वहां घेराबंदी कर दी। इस बीच बाइक सवार तीनों युवक वहां से भागे, लेकिन उससे पहले पुलिस टीम ने उन्हें दबोच लिया और बाइक अपने कब्जे में ले ली। पुलिस पकड़ में आने वाले रजनीश उर्फ गोरेलाल पुत्र बाबूराम निवासी पुन्नापुरवा कोतवाली बिलग्राम, विमल कुमार पुत्र कैलाश चंद्र निवासी शिखवा कोतवाली शहर जिला कन्नौज व छोटू पुत्र इरफान अली निवासी कपूरापुर कोतवाली शहर जिला कन्नौज ने पूछताछ में बताया कि उन्ही ने 29 जुलाई को बाइक चोरी की थी।
दो बाइक राजस्थान से चोरी कर उन्हें बिलग्राम कोतवाली के चौलियापुर के जंगल में छिपा दिया था। पुलिस ने जंगल में छिपाई गई दोनों बाइक, एक पम्पिंग सेट, दो सोलर पैनल, बैट्री के अलावा एक तमंचा व कारतूस बरामद किया है।
यह भी पढ़ें: लखनऊ : एसजीपीजीआई में इलाज के दौरान डेंगू पीड़ित मरीज की मौत
