Kanpur Dehat: निर्माणाधीन मेडिकल कालेज से गिरा मजदूर… मौत, परिजनों ने रात भर किया हंगामा, 13 लाख में हुआ समझौता
कानपुर देहात में निर्माणाधीन मेडिकल कालेज में मजदूर की मौत पर रात भर हंगामा हुआ।
कानपुर देहात में निर्माणाधीन मेडिकल कालेज की दसवीं मंजिल से गिरकर मजदूर की मौत हो गई। आक्रोशित परिजनों ने पूरी रात हंगामा किया। मृतक के परिजनों व ठेका फर्म के बीच 13 लाख रुपये में समझौता हुआ।
कानपुर देहात, अमृत विचार। अकबरपुर जिला अस्पताल में निर्माणाधीन मेडिकल कालेज भवन की छत पर काम करते समय मजदूर के अचानक गिरने से मौत पर परिजनों ने परिसर में ही शव रखकर रात भर हंगामा काटा। सुबह पहुंची एसडीएम, तहसीलदार व पुलिस ने काम करा रही फर्म के प्रोजेक्ट मैनेजर से वार्ता की। जिसके बाद परिजन व फर्म के बीच तेरह लाख रुपये मुआवजे पर सहमति बनी।
बता दें कि जिला अस्पताल अकबरपुर को उच्चीकृत कर परिसर में मेडिकल कालेज भवन का निर्माण कराया जा रहा है। जहां पर पीएसपी प्रोजेक्ट लिमिटेड के माध्यम से मजदूर काम कर रहे हैं। मंगलवार की शाम निर्माणाधीन भवन की दसवीं मंजिल की छत पर काम चल रहा था। जहां जनपद फतेहपुर के चांदपुर थाना क्षेत्र के परसेड़ा निवासी मजदूर संतोष निषाद (48) बैठकर मसाला बना रहा था।
तभी वह अचानक गश खाकर छत पर ही गिर पड़ा। साथी मजदूर उसे आनन-फानन जिला अस्पताल की इमरजेंसी में ले जाया गया। जहां ईएमओ डॉ. धर्मवीर चौधरी ने संतोष को मृत घोषित कर दिया। इसी बीच जानकारी पर पहुंची मृतक की पत्नी रानी देवी, दामाद प्रमोद समेत अन्य परिजन पहुंचे। उन्होंने लापरवाही का आरोप लगाकर शव को निर्माणाधीन भवन परिसर में ही रखकर हंगामा शुरू कर दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन रात भर हंगामा जारी रहा। बुधवार सुबह एसडीएम सदर सुरभि शर्मा, तहसीलदार रणविजय सिंह व कोतवाल सतीश कुमार पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों व कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर से बंद कमरे में वार्ता की।
जिसके बाद एक लाख रुपये नगद व बारह लाख रुपये बाद में देने पर सहमति बनी। समझौते के बाद परिजन शांत हुए। अकबरपुर कोतवाल सतीश कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों व काम करा रही फर्म के बीच आपसी समझौता हो गया है। जिसके बाद शव को पीएम के लिए भेजा गया है।
