रायबरेली : निजी नर्सिंग होम में जच्चा की मौत, परिजनों ने किया हंगामा
रायबरेली, अमृत विचार। शहर के निजी नर्सिंग होम में प्रसव के बाद जच्चा की मौत हो गई वहीं बच्चा सुरक्षित है। मामले को लेकर महिला के परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर जमकर हंगामा किया। मामले को लेकर जिला प्रशासन से कार्रवाई की मांग की गई है। घटना की तहरीर कोतवाली सदर में दी गई है।
बुधवार को कैनाल रोड स्थित गीता नर्सिंग होम में भी जमकर हंगामा हुआ। प्रसव के बाद महिला की अचानक तबीयत बिगड़ गई और फिर उसकी मौत हो गई। इस दौरान कोई भी चिकित्सक उसे देखने के लिए नहीं आया। सुबह 4 बजे जब शोर हुआ तो चिकित्सक महिला को आईसीयू लेकर गईं लेकिन वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद अस्पताल में महिला के परिजनों से जमकर हंगामा किया।
मृतका के भाई व गहरौली सरेनी निवासी अनिल सिंह का कहना है कि वह अपनी बहन अनीता सिंह पत्नी सचिन सिंह निवासी लखनऊ को मंगलवार दोपहर नर्सिंग होम में भर्ती करा गए थे। इस दौरान सिजेरियन से प्रसव कराने की बात कही गई, जिस पर सभी राजी हो गए और शाम को एक बच्चे का जन्म हो गया। अनिल का कहना है कि रात 8 बजे तक बहन बिल्कुल ठीक थी लेकिन रात 12 बजे उसे तकलीफ हुई जिस पर नर्सिंग होम में मौजूद स्टॉफ को बुलाया गया लेकिन कोई नहीं आया। रात 2 बजे अनीता मरणासन्न हो गई तो परिवार को लोगों ने शोर मचाना शुरू किया जिस पर स्टॉफ के कुछ लोग पहुंचे और अनीता को लेकर आईसीयू ले गए जहां सुबह 4 बजे उसे मृत घोषित कर दिया गया।
इसकी जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। नर्सिंग होम में हंगामा होने से स्टाफ के लोग भाग गए। पीड़ित अनिल ने मामले की जानकारी सदर कोतवाली पुलिस को दी जिस पर पुलिस ने बयान लिए तथा मामले की जांच शुरू कर दी। मामले में नर्सिंग होम संचालक गीता शर्मा कहना है कि अनीता का बीपी पहले से ही हाई था। अस्पताल में हर तरह की ऑटोमेटिक मशीन लगी है जो बीपी से लेकर पल्स को काउंट करती हैं। इलाज में लापरवाही से महिला की मौत नहीं हुई है।
ये भी पढ़ें -Ayodhya ram mandir : विदेश में बैठे राम भक्त भी कर सकेंगे दान, ट्रस्ट ने जारी किये अकॉउंट डिटेल
