हमीरपुर: मजदूर ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, मचा कोहराम
राठ, हमीरपुर। मुस्करा थाने के पहाड़ी गांव में अधेड़ ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस मामले में मृतक के पिता ने राशन दुकान के संचालक पर वितरण में सहयोग कर रहे उसके बेटे पर एक कार्ड धारक को अधिक राशन देने के संदेह में ग्रामीणों के सामने पीटने से आहत होकर आत्महत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए राठ भेजा है।
मुस्करा थाने के ग्राम पहाड़ी निवासी मक्खू कहार ने बताया कि रामबाबू श्रीवास के नाम सरकारी राशन की दुकान है। इसका संचालन गांव का दूसरा व्यक्ति करता है। जिसमें उसका पुत्र दयाराम (50) कार्ड धारकों को राशन तौलने की मजदूरी करता था। बताया राशन वितरण के दौरान किसी कार्ड धारक को निर्धारित मात्रा से अधिक राशन देने के संदेह पर संचालक ने दयाराम को ग्रामीणों के सामने पीट दिया। जिससे आहत हो उसने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।
अचानक हुई घटना से मृतक के पुत्र प्रदीप, विनय, पुत्री पूजा व नीलम सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इस मामले में थानाध्यक्ष बृजमोहन ने बताया कि अभी किसी की ओर से घटना की तहरीर नहीं की गई है। कहा कि शिकायत मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई करेंगे।
यह भी पढ़ें: गोंडा: लोन न मिलने से निराश युवक ने बैंक के सामने डीजल डालकर खुद को लगाई आग, हालत गंभीर
