संभल: स्कूल बस की टक्कर से महिला की मौत, गर्भवती व मासूम सहित तीन लोग घायल
संभल, अमृत विचार। असमोली थाना क्षेत्र में संभल जोया मार्ग पर स्कूली बस की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत हो गई। जबकि बालक व गर्भवती सहित तीन लोग घायल हो गए। परिजन घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने गर्भवती को हायर सेंटर रेफर कर दिया। टक्कर मारने के बाद चालक बस लेकर फरार हो गया।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। थाना क्षेत्र के गांव सदीरनपुर निवासी आलिम बुधवार को अपनी गर्भवती पत्नी साजिया, भाई साजिद की पत्नी रहनुमा व पांच वर्षीय बेटे अबूजैना को जिला अस्पताल से दवा दिलाकर बाइक पर सवार होकर घर जा रहा था।
आलिम बाइक लेकर असमोली थाना क्षेत्र में संभल जोया मार्ग पर पहुंचा तो संभल की ओर से आ रही निजी स्कूल की बस ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही रहनुमा, साजिया, आलिम और बालक अबूजैना सहित चारों सड़क पर गिरकर गंभीर रुप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ इकठ्ठा हो गई।
सूचना मिलने पर परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को उपचार के लिए लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। वहां डॉक्टर ने रहनुमा को मृत घोषित कर दिया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने गर्भवती साजिया को हायर सेंटर रेफर कर दिया और घायल अबू जैना व आलिम का उपचार किया।
ये भी पढ़ें:- संभल: युवतियों व महिलाओं से छेड़छाड़ में आठ गिरफ्तार, जानिए पूरा मामला
