Ayodhya ramlila : शिव धनुष भंग कर राम ने रचाया सीता से विवाह
रुदौली/ अयोध्या, अमृत विचार। श्रीराम लीला समिति के तत्वावधान में चल रही रामलीला में बुधवार रात सीता स्वयंवर का भावपूर्ण मंचन हुआ।
श्रीराम लीला समिति ख्वाजाहाल के तत्वावधान में चल रही रामलीला में राजा जनक की राजधानी मिथिला में स्वयंवर आयोजन किया गया। स्वयंवर में देश-देश से आए राजे महराजाओं ने शिव जी का धनुष उठाने का प्रयास किया लेकिन हिला तक नहीं सके। तब राजाओं को धिक्कारते हुए राजा जनक कहते हैं कि मुझे विश्वास हो गया कि पृथ्वी वीरों से खाली है।
इस पर गुरु विश्वामित्र की आज्ञा से राम ने शिव जी का धनुष उठा न केवल प्रत्यंचा चढ़ाई बल्कि भंग कर दिया। माता पिता की अनुपस्थिति में गुरु के आदेश के पालन क्रम में राम का विवाह सम्पन्न हुआ। स्वयंवर प्रसंग में रावण और बाणासुर संवाद को दर्शकों ने खूब पसंद किया। रावण का अभिनय कर रहे अनुराग अग्रवाल ने संवाद शैली व अभिनय कला से लोगों को खूब प्रभावित किया। बाणासुर के रूप में ब्रजकिशोर कसौंधन ने प्रशंसनीय अभिनय किया।
लक्ष्मण परशुराम संवाद में परशुराम का अभिनय कर रहे गणेश अग्रवाल व लक्ष्मण का अभिनय कर रहे सारांश शर्मा ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरी। धनुष यज्ञ के मंचन के लिए समिति की ओर से मंच को विशेष रूप से तैयार किया गया। इस अवसर पर भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें -अयोध्या के पूरा ब्लाक को मिली 335.38 लाख की 43 सड़कों की सौगात
