UP: मछली तस्करों से याराना निभाना थानेदार को पड़ गया भारी… लाइन हाजिर, अधिकारियों से आपराधिक घटनाएं भी छिपाने का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में मछली तस्करों से याराना निभाने में थानेदार को लाइन हाजिर किया गया।

कानपुर में मछली तस्करों से याराना निभाने में थानेदार को लाइन हाजिर किया गया। थानेदार पर अधिकारियों से आपराधिक घटनाएं भी छिपाने का आरोप।

कानपुर, अमृत विचार। कमिश्नरी में बेलगाम हुए थाना प्रभारियों पर पुलिस कमिश्नर डॉ आर के स्वर्णकार की नजर टेढ़ी हो गई है। गांजा तस्कर से यारी निभाने वाले काकादेव थाना प्रभारी विनय शर्मा के निलंबन के बाद अब मछली तस्करों से याराना निभाने वाले कोहना इंस्पेक्टर अरुण कुमार सिंह को लाइन हाजिर कर दिया है। उनके स्थान पर बाबूपुरवा में अतिरिक्त निरीक्षक के पद पर तैनात अवधेश कुमार को कोहना थाने का प्रभार सौंपा है।

वहीं, पुलिस सूत्रों का कहना है कि अरुण कुमार पर अधिकारियों से आपराधिक घटना छिपाने, विवेचना में लापरवाही बरतने समेत कई अन्य गंभीर आरोप लगे थे। जिसके चलते डीसीपी सेंट्रल प्रमोद कुमार ने प्रारंभिक जांच भी शुरू कर दी है।

कोहना इंस्पेक्टर अरुण सिंह की इससे पहले अरौल थाने में तैनाती के दौरान भाजपा विधायक राहुल बच्चा से एक मामले में झड़प हुई थी। इस पर दूसरे दिन उन्हें अर्मापुर में तैनाती दी गई थी। लेकिन गश्ती जारी होने पर उन्हें कोहना का चार्ज मिला था। अब मछली तस्करों से यारी और शिकायतों पर उन्हें लाइन हाजिर कर दिया गया। कमिश्नरेट पुलिस के लिए अक्तूबर का माह पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई का जा रहा है।

आठ अक्तूबर को जाजमऊ थाने के अंदर युवक को पीटने और रुपये छीनने के आरोप में जाजमऊ थाने के दो सिपाही सत्येंद्र सिंह और मोहम्मद नफीस को लाइन हाजिर कर दिया गया था। 11 अक्तूबर को चकेरी हाईवे पर वसूली करने पर पीआरवी में तैनात एसआई सुभाष सिंह और हेड कांस्टेबल आनंद कुमार को डीसीपी हेडक्वार्टर तेजस्वरूप सिंह ने निलंबित कर दिया था।

16 अक्तूबर को कलक्टरगंज इंस्पेक्टर रामजनम गौतम को 50 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथों एंटी करप्शन ने गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद नवाबगंज इंस्पेक्टर को धमकाने में काकादेव इंस्पेक्टर विनय शर्मा सस्पेंड किए गए।

 

संबंधित समाचार