नाइजर जुंटा का दावा, अपदस्थ राष्ट्रपति बजौम के फरार होने के प्रयास को किया विफल

Amrit Vichar Network
Published By Priya
On

नियामी (नाइजर)। नाइजर के सत्तारूढ़ जुंटा ने दावा किया अपदस्थ राष्ट्रपति मोहम्मद बजौम ने बृहस्पतिवार देर रात अपने परिवार के साथ हिरासत से भागने का प्रयास किया, लेकिन इसे विफल कर दिया गया। करीब तीन महीने पहले सैन्य विद्रोह के कारण हुए तख्तापलट के बाद अपदस्थ राष्ट्रपति को हिरासत में ले लिया गया था। 

एक विज्ञप्ति में कर्नल मेजर अमादौ अब्द्रमाने ने बताया कि बजौम अपने परिवार, दो रसोइयों और सुरक्षाकर्मियों के साथ तड़के लगभग तीन बजे एक वाहन तक पहुंचने का प्रयास कर रहे थे, जो कि उन्हें राजधानी के बाहरी इलाके में ले जाने वाला था। अब्द्रमाने ने कहा कि वहां से उन्हें ‘‘दो विदेशी हेलिकॉप्टर’’ से नाइजीरिया ले जाने की योजना थी। 

अब्द्रमाने ने कहा, ‘‘हमारे देश को अस्थिर करने की यह साजिश विफल कर दी गई।’’ उन्होंने यह भी बताया कि मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अपदस्थ राष्ट्रपति बजौम जुलाई में सैन्य विद्रोह और पद से इस्तीफा देने के बाद से अपनी पत्नी और बेटे के साथ घर में नजरबंद हैं। जुंटा ने उनकी बिजली और पानी की सुविधाओं को भी काट दिया है।

ये भी पढ़ें:- चीन में एक फैक्ट्री की इमारत ढहने से तीन की मौत, आठ घायल

संबंधित समाचार