UP: त्योहारी सीजन में साइबर ठग सक्रिय… इस तरह फंसा रहे लोगों को, ये करने से बचें, नहीं तो आपका भी खाता हो सकता है खाली
त्योहारी सीजन आते ही साइबर ठग एक बार फिर सक्रिय हो गए।
त्योहारी सीजन आते ही साइबर ठग एक बार फिर सक्रिय हो गए। साइबर सेल ने एसओपी जारी की। घर बैठे पैसे कमाने की लोगों की चाहत का ठग फायदा उठाते है।
कानपुर, अमृत विचार। त्योहारी सीजन शुरू हो गया है। ऐसे में खुशियों की चमक को फीका करने की फिराक में हर बार की तरह साइबर ठग सक्रिय हो गए हैं। दुर्गा पूजा, दशहरा, धनतेरस और दीपावली को देखते हुए लोगों ने तैयारियां अभी से शुरू कर दी हैं। इस त्योहारी सीजन में फ्रॉड करके पैसे कमाने के लिए ठग भी फिराक में हैं।
साइबर ठगी से बचने के लिए साइबर सेल ने इडवाइजरी जारी की है। सैकड़ों लोग साइबर ठगी का शिकार होते हैं। केवल इस वर्ष अब तक साइबर अपराध के 1684 मामले दर्ज किए गए वहीं साइबर सेल ने कार्रवाई करते हुए 1.75 करोड़ रुपये पीड़ितों को वापस कराए।
बिना मेहनत के पैसों के लिए फंसाते
बिना मेहनत के पैसे कमाने के लालच में लोगों को ट्रेंडिंग एप पर निवेश करा अच्छे मुनाफे का मौका दिया जाता है। एक एप को डाउनलोड करके धीरे-धीरे एप के माध्यम से पैसे जमा कराए जाते हैं। एप पर मुनाफा भी दिखता है लेकिन लाभ को निकालने के लिए प्रयास करने पर एप चलना बंद हो जाता है और संबंधित लोग भी गायब हो जाते हैं। जिस एप के माध्यम से निवेश किया जाता है वो भी फर्जी होती है और मुनाफा-घाटा ऑनलाइन दिखता रहता है।
ठगी के शिकार होने पर करें ये
-साइबर ठगी का शिकार होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर फोन कर शिकायत दर्ज कराएं।
-साइबर थाने में शिकायत पत्र, ठगी के साक्ष्य और निवास पहचान पत्र के साथ मुकदमा दर्ज कराएं।
यहां रहें सावधान
-ऑनलाइन ट्रेंडिंग के नाम पर मोबाइल एप के माध्यम से संदिग्ध खातों में निवेश करते समय।
-क्रेडिट कार्ड के आपकी डिटेल देकर अन्य जानकारी मांगने पर।
-दीपावली ऑफर में लिंक के माध्यम से ओटीपी भेजने पर।
-बैंक कर्मचारी बनकर आपके खाते की डिटेल बताकर ओटीपी मांगने पर।
कैसे करें बचाव
-किसी भी अनजान व्यक्ति को ओटीपी कतई ना बताएं।
-अगर बैंक के हेल्पलाइन से फोन आए तो भी ओटीपी न बताएं।
-फोन में बात करते समय ऑनलाइन भुगतान न करें।
ऑनलाइन भुगतान करते समय जिस अकाउंट पर पैसे भेजने हैं उसकी गंभीरता से पहचान कर लें। साइबर अपराधी लोगों के लालच का फायदा उठा कर ठगी को अंजाम देते हैं। लुभावने आफर, मुनाफे का लालच देने वालों से सतर्क रहें।- सलमानताज पाटिल, डीसीपी क्राइम
