Chitrakoot News: फिलहाल पीएम के कार्यक्रम की औपचारिक स्वीकृति नहीं, जोर शोर से जारी है जानकीकुंड में तैयारियां
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम की औपचारिक स्वीकृति नहीं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम की औपचारिक स्वीकृति नहीं। जानकीकुंड में तैयारियां जोर शोर से जारी है।
चित्रकूट, अमृत विचार। सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट के प्रथम अध्यक्ष अरविंद भाई मफतलाल के जन्म शताब्दी वर्ष कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित आगमन को लेकर तैयारियां चल रही हैं। हालांकि सूत्रों की मानें तो अभी पीएम के कार्यक्रम को पीएमओ से औपचारिक स्वीकृति नहीं मिली है।
गौरतलब है कि 27 अक्टूबर स्व. अरविंद भाई मफतलाल की जन्म की तारीख है। उनके पौत्र विशद भाई, जो वर्तमान में ट्रस्ट के अध्यक्ष हैं, ने इस अवसर पर एक कार्यक्रम रखा है। यह कार्यक्रम गिनेचुने लोगों के बीच होगा। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी आमंत्रण भेजा गया है। मप्र में चुनाव होने की वजह से पीएम के इस व्यक्तिगत कार्यक्रम को लेकर काफी सावधानियां बरती जा रही हैं।
हालांकि ट्रस्ट के सूत्रों की मानें तो अभी तक पीएमओ से इस संबंध में किसी तरह की स्वीकृति नहीं आई है। पर तैयारियां जारी हैं। जानकीकुंड अस्पताल परिसर में विद्याधाम विद्यालय में हेलीपैड भी बनाया जा रहा है। माना जा रहा है कि अगर पीएम के कार्यक्रम की स्वीकृति मिलती है तो किसी तरह की आपाधामी नहीं रहे, इसलिए इस तरह की तैयारियां की जा रही हैं।
जनरल हास्पिटल का भी होगा लोकार्पण
सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट के जानकीकुंड स्थित अस्पताल में फिलहाल नेत्र चिकित्सा की सुविधा है। अब इसी परिसर में न्यू जानकीकुंड अस्पताल के नाम से जनरल हास्पिटल बना गया है। इसमें अन्य रोगों के इलाज की भी व्यवस्था रहेगी। पीएम अगर आए तो वह इसका भी लोकार्पण करेंगे।
नर्मदा को मंदाकिनी में जोड़ने की करेंगे मांग
पीएम के धर्मनगरी आगमन पर बुंदेली सेना जगद्गुरु रामभद्राचार्य के जरिए नदी जोड़ो परियोजना के तहत नर्मदा नदी को मंदाकिनी से जोड़ने की मांग करेगीl अनुसुइया आश्रम से लेकर राजापुर तक मशीनों के जरिए खुदाई और सफाई कराए जाने की भी मांग की जाएगी। कर्वी रेलवे स्टेशन को अत्याधुनिक बनाने, शिवरामपुर व भरतकूप स्टेशन को विकसित किए जाने की भी मांग की जाएगीl यह जानकारी बुंदेली सेना के जिलाध्यक्ष अजीत सिंह ने दी। बताया कि बुंदेलखंड में चित्रकूट और बांदा के बीच एम्स की भी मांग की जाएगीl
