बरेली: सकलैन मियां सुपुर्द-ए-खाक, नमाज ए जनाजा में बड़ी संख्या में पहुंचे मुरीद
बरेली, अमृत विचार। दरगाह शाह शराफत मियां के सज्जादानशीन सकलैन मियां का शुक्रवार को इंतकाल हो था। रविवार को उनके जनाजे की नमाज इस्लामिया मैदान में अदा कराई गई। सुबह जनाजे को वाहन के जरिए दरगाह शाह शराफत मियां से इस्लामिया मैदान लाया गया। इस दौरान लाखों लोगों का हुजूम रास्ते भर जनाजे के साथ चला।

मियां हुजूर के जनाजे का आखिरी दीदार कर घरों की छतों पर खड़ी महिलाएं रोने बिलखने लगीं। रास्ते भर हर कोई गमजादा नजर आया। इधर इस्लामिया मैदान जनाजे के पहुंचने से पहले ही पूरा भर चुका था। सुबह करीब 10:45 बजे जनाजे की नमाज सकलैन मियां के जानशीन अलहाज गाजी सकलैनी ने अदा कराई।

आस्ताने में पीरो मुर्शिद सकलैन मियां सुपुर्द-ए-खाक
इस्लामिया मैदान भरा होने के कारण नवल्टी चौराहा, नौमहला, राजकीय इंटर कॉलेज, जिला पंचायत रोड, कुतुबखाना तक लोग कतार बनाकर खड़े हो गए और नमाज अदा की। इसके बाद जनाजे को वापस आस्ताने लाया गया। आस्ताने के अंदर शराफत मियां की मजार के ठीक बराबर में पीरो मुर्शिद सकलैन मियां को सुपुर्दे खाक किया गया।

बताते चलें कि दरगाह शाह शराफत मियां के सज्जादानशीन सकलैन मियां की शुक्रवार शाम को अचानक तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें चौपुला स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं सकलैन मियां के इंतकाल की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में मुरीद उनके अंतिम दीदार के लिए पहुंचने लगे। बरेली ही नहीं बल्कि दूर-दूर से आए हर गमजदा मुरीद उनके आखिरी दीदार करना चाहता था। वहीं आज इस्लामियां मैदान में जनाजे की नमाज अदा करने के बाद आस्ताने के अंदर शराफत मियां की मजार के ठीक बराबर में पीरो मुर्शिद सकलैन मियां को सुपुर्दे खाक किया गया।
ये भी पढ़ें- बरेली: निवेशकों को नहीं मिल रही जमीन, फंसा 2500 करोड़ का निवेश
