Kanpur Dehat News: छत से गिरी महिला… मौत, मासूम बेटा बोला- बाबा ने मां को मार डाला, जांच पड़ताल में पुलिस
कानपुर देहात में महिला की छत से गिरकर संदिग्ध हालत में मौत हो गई।
कानपुर देहात में महिला की छत से गिरकर संदिग्ध हालत में मौत हो गई। मृतका के मासूम बेटे ने बाबा द्वारा मां को मार डालने का आरोप लगाया। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी।
कानपुर देहात, अमृत विचार। रसूलाबाद थानाक्षेत्र के बिलहा गांव में शनिवार देर शाम एक महिला संदिग्ध हालत में छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे इलाज के लिए सीएचसी ले गए। जहां ईएमओ ने हैलट कानपुर के लिए रेफर कर दिया। रास्ते में महिला की मौत हो गई।
ससुरारालीजनों ने दौरा आने के कारण छत से गिरने से आई चोट के कारण मौत होना बताया है। वहीं मृतका के पांच वर्षीय पुत्र ने बाबा द्वारा मां को मार डालने की बात कही है। पुलिस ने मामले में छानबीन शुरू की है।
बिलहा गांव निवासी दिलवर की मां छोटी बिट्टी ने बताया कि उसने हाल में ही अपने मकान की छत डलवायी है। शनिवार की देर शाम बहू रुखसाना (35) लेंटर पर खड़ी थी। तभी दौरा आने के कारण वह नीचे रखे तख्त पर गिर पड़ी और तख्त में लगी कील उसके सिर में लग गई। उसे गंभीर हालत में सीएचसी ले जाया गया। जहां ईएमओ डॉ. सौरभ शाक्य ने प्राथमिक इलाज के बाद कानपुर हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में ही रुखसाना की मौत हो गई।
घटना के बाद ससुरारालियों ने जानकारी मृतका के मायके कुंदौरा बिल्हौर में दी। जिसपर मृतका की मां अनीशा समेत अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। वहीं रुखसाना के इकलौते पुत्र हसन (5) ने रोते हुए बाबा द्वारा मां को मारने की बात कही है। मृतका के भाई मोहम्मद अकील अहमद ने बताया कि भांजे हसन का पिता दिलवर आए दिन बहन के साथ मारपीट करता था।
इसी करण हसन अधिकांश समय अपने ननिहाल में ही रहता था। मोहम्मद अकील अहमद ने बताया कि उसे शनिवार शाम को उसने बहन से बात की थी। उसने सिर पर ईंट मारने की बात बताई थी और पुत्र हसन से भी रोकर बाबा द्वारा मारने की बात कही थी।
थाना प्रभारी जनार्दन प्रताप सिंह ने बताया कि डायल 112 पुलिस से मिली सूचना के आधार पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और मामले की जांच करने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा। मायके पक्ष के लोगों ने मौखिक आरोप लगाया है। अभी तहरीर नहीं मिली है।
