पीलीभीत: चौकी पुलिस ने डीजल पकड़कर छोड़ा, इंस्पेक्टर को पता नहीं...अब कराएंगे जांच!
पीलीभीत, अमृत विचार। ई रिक्शा पर डीजल ले जा रहे युवक को असम चौकी पुलिस ने पकड़ लिया। इसके बाद दिनभर सफेदपोश जुटे रहे और बाद में क्लीनचिट देकर मामला रफा दफा कर दिया गया। बताते है कि मामला सेटिंग के बाद निपटा मगर थाना प्रभारी को इसकी जानकारी तक नहीं लगी। मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।
बताते हैं कि असम चौकी पुलिस ने रविवार को एक ई रिक्शा को पकड़ा। उसमे करीब 65 लीटर डीजल दो केन में था। इसे चेकिंग के दौरान पकड़ा गया। जिसके बाद डीजल को कब्जे में लेकर सवाल जबाव किए गए। संतोषजनक जबाव न देने पर चौकी पुलिस ने चालक को भी हिरासत में ले लिया।
इसके बाद सूचना न तो पूर्ति विभाग को दी गई न ही थानाध्यक्ष को बताया।मामला निपटाने के लिए दिनभर पड़ताल चौकी पुलिस करती रही। कुछ सफेदपोश लगे और फिर पहले मामले को निपटाने से इंकार किया गया। उसके बाद एक जिम्मेदार के दखल के बाद मामला निपटा दिया गया।
इंस्पेक्टर सुनगढ़ी आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि चौकी पुलिस से पता किया गया तो उनका कहना था कि ऐसी जानकारी मिली थी। कुछ लोगों के घर पर भी दबिश दी गई, लेकिन कोई मिला नहीं। मामला गंभीर है, इसकी जांच कराई जाएगी। मुझे चौकी पुलिस ने भी कोई सूचना नहीं दी।
यह भी पढ़ें- Pilibhit: साहब! बुखार से शहर में भी दो और मौत...डेंगू का शोर, आंकड़ा अभी भी शून्य
