अयोध्या: रामनगरी के विस्तार की कवायद शुरू, 22 को होगी बैठक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या, अमृत विचार। रामनगरी अयोध्या भव्य व दिव्य दिखे इसके लिए इसके विस्तार की कवायद भी शुरू हो गई है। लखनऊ की टीम ने माझा क्षेत्र में नाप जोख भी कर ली है। नई अयोध्या 740 एकड़ में होगी। इसके लिए लखनऊ में 22 को बैठक के बाद अधिग्रहण की अधिसूचना जारी की जाएगी। श्रीराम …

अयोध्या, अमृत विचार। रामनगरी अयोध्या भव्य व दिव्य दिखे इसके लिए इसके विस्तार की कवायद भी शुरू हो गई है। लखनऊ की टीम ने माझा क्षेत्र में नाप जोख भी कर ली है। नई अयोध्या 740 एकड़ में होगी। इसके लिए लखनऊ में 22 को बैठक के बाद अधिग्रहण की अधिसूचना जारी की जाएगी।

श्रीराम एयरपोर्ट, आधुनिक अंतर्राष्ट्रीय बस अड्डा व प्राचीन कुंडों के सौंदर्यीकरण के साथ-साथ एक नई अयोध्या 740 एकड़ में बनाने की योजना है। जिसके लिए भूमि अधिग्रहण की तैयारियां शुरू हो गई है। लखनऊ से अपर आवास आयुक्त नीरज शुक्ला की टीम के साथ गुरुवार को अयोध्या पहुंचे।

जिसके बाद दोपहर में अयोध्या विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष विशाल सिंह की टीम के साथ अधिग्रहीत की जाने वाली 740 एकड़ भूमि का गुरुवार को निरीक्षण किया। टीम ने दिन भर मांझा बरहटा, मांझा शाहनेवाजपुर व मांझा तिहुरा में नाप-जोख कर चौहद्दी तय की।

बाद में अयोध्या विकास प्राधिकरण में हुई बैठक में तय हुआ कि 22 सितंबर को आवास विकास परिषद लखनऊ की बैठक में योजना को मंजूरी मिलते ही अधिग्रहण की अधिसूचना जारी होगी।

बताया जा रहा कि नई अयोध्या मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की महत्वाकांक्षी योजना है जो त्रेता युग की थीम पर विकसित की जानी है। सूत्रों के मुताबिक आवास विकास व अयोध्या विकास प्राधिकरण की बैठक में तय हुआ है कि आवास विकास परिषद लखनऊ का ऑफिस अयोध्या विकास प्राधिकरण के कुछ कमरों में खोला जाएगा।

यहीं से समस्त अधिग्रहण की कार्रवाई संपन्न होगी। अधिग्रहण के बाद आवास विकास में नई नियुक्तियां, ऑफिस सहित अन्य कार्यों के लिए व्यवस्था लागू की जाएगी।

वाराणसी की तर्ज पर अयोध्या में भी चलेगा क्रूज
गुप्तारघाट से रामनगरी तक सरयू नदी की धारा में क्रूज चलेगा पर्यटकों, श्रद्धालुओं को अयोध्या की विशिष्टता से परिचित कराने के लिए इसकी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सरयू में करीब 8 किलोमीटर इसका रेंज होगा। इस सिलसिले में सर्वे का कार्य पूर्ण हो चुका है। योजना को धरातल पर उतरने में सिर्फ प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री की हरीझंडी का इंतजार है। सूत्रों के मुताबिक क्रूज से सरयू नदी की धारा के बीच लगभग डेढ़ घंटे का सफर कराने की योजना है। क्रूज पर बैठ कर लोग अयोध्या में सरयू आरती का भी दर्शन कर सकेंगे।

संबंधित समाचार