पीलीभीत: राज्यमंत्री बोले- सीएमओ साहब! डेंगू वार्ड के पीछे ही जलभराव, कमरों में घूम रहे चूहे..जानिए फिर क्या हुआ
पीलीभीत, अमृत विचार। संक्रामक बीमारियों के बीच मेडिकल कॉलेज में भर्ती मरीजों का हाल जानने और व्यवस्थाओं की हकीकत परखने के लिए राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान वार्ड में चूहों की भरमार और डेंगू वार्ड से सटकर गंदगी व जलभराव मिलने पर उनका पारा चढ़ गया। इसे लेकर पहले स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की फटकार लगाई। फिर जब नगर पालिका की लापरवाही बताई गई तो ईओ को मौके से ही फोन कर 24 घंटे में समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए।
बता दें कि शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक इन दिनों बुखार का कहर है। सोमवार दोपहर डेढ़ बजे राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार मेडिकल कॉलेज पहुंचे। सर्वप्रथम इमरजेंसी में भर्ती मरीजों से मिले।इसके बाद एक एक कर सभी बुखार और डेंगू के मरीजों से बात की। उनका हौसला भी बढ़ाया।
आर्थोपैडिक कक्ष में मरीजों से बातचीत कर रहे थे कि कई चूहे घूमते दिखे। इस पर राज्यमंत्री ने अधिकारियों से नाराजगी जताई। प्रभारी प्राचार्य डॉ.संजीव सक्सेना ने बताया कि इसे लेकर दवा का डलवाई जा रही है।
फिर डेंगू वार्ड में भर्ती मरीजों को हिम्मत बंधाकर बाहर निकले ही थे कि उनकी नजर डेंगू वार्ड के बाहर ही गंदगी और जलभराव पर गई। इसे लेकर सीएमओ डॉ.आलोक कुमार, मेडिकल कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य से सवाल जवाब किया। प्रभारी प्राचार्य ने बताया कि वह समस्या को लेकर नगर पालिका को कई पत्र लिख चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
इतना सुनने के बाद राज्यमंत्री ने तत्काल तत्काल ईओ/एसडीएम सदर देवेंद्र सिंह से दूरभाष पर वार्ता की। कहा कि आखिर सफाईकर्मी क्या कर रहे हैं? बुखार से जिले में हाहाकार मचा हुआ है और डेंगू वार्ड के पास ही गंदगी जमा है।
इसका 24 घंटे में टीम लगाकर समाधान कराने के सख्त निर्देश दिए गए। इसके अलावा मेडिकल कॉलेज में स्वच्छ पानी की व्यवस्था करने के साथ ही वार्ड में सीएमएस का सीयूजी या फिर कोई अन्य हेल्पलाइन नंबर लिखवाने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को किसी तरह की दिक्कत न आए। डिप्टी सीएम बृ़जेश पाठक से वार्ता की और जनपद के मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों की कमी की दिक्कत बताते हुए चिकित्सक बढ़ाने का आग्रह किया।
यह भी पढ़ें- Pilibhit: साहब! बुखार से शहर में भी दो और मौत...डेंगू का शोर, आंकड़ा अभी भी शून्य
