अयोध्या: प्राण प्रतिष्ठा में श्रद्धालुओं को नहीं होगी अयोध्या आने की अनुमति, तीन दिन होगा वीवीआईपी मूवमेंट
अयोध्या। राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के दिन श्रद्धालुओं को अयोध्या में आने की अनुमति नहीं होगी। आयोजन के पहले राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट देश भर के राम भक्तों को मैसेज के माध्यम से इसकी जानकारी देगा। रामकोट स्थित ट्रस्ट कार्यालय पर सोमवार को प्राण प्रतिष्ठा प्रबंधन समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में ट्रस्ट और प्रशासनिक अधिकारियों ने आयोजन की तैयारी पर मंथन किया। 5 नवंबर को होने वाले अक्षत पूजन तथा जनवरी में प्राप्त प्रतिष्ठा के दौरान देश के हर मंदिर में आयोजन पर चर्चा हुई।
बैठक के बाद प्रबंध समिति ने मणिराम दास छावनी में ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपालदास तथा ट्रस्ट के सदस्य व उडुपी पीठाधीश्वर विश्व प्रसन्नतीर्थ से मुलाकात की। मंडलायुक्त गौरव दयाल ने बताया कि जनवरी में होने वाले प्राण प्रतिष्ठा के दौरान अतिथियों के आगमन व सुरक्षा पर चर्चा की गई। आयोजन के दौरान तीन दिन तक वीवीआईपी मूवमेंट रहेंगे। प्राणप्रतिष्ठा पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आगमन होगा।
तीन दिन के लिए श्रद्धालुओं के अयोध्या आगमन में रोक पर ट्रस्ट विचार कर रहा है। आयोजन से कुछ दिन पहले इसके लिए ट्रस्ट द्वारा मैसेज जारी किया जायेगा। प्राण प्रतिष्ठा के लिए सभी इंफ्रास्ट्रक्चर को तैयार किया जा रहा है। मौके पर संघ के सहकार्यवाह कृष्ण गोपाल, संरक्षक समिति के सदस्य भैया जी जोशी, भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल, ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा, विहिप के मीडिया प्रभारी शरद शर्मा, ट्रस्ट के सहयोगी गोपाल जी राव,आईजी प्रवीण कुमार, डीएम नितीश कुमार, एसएसपी राजकरन नैय्यर, एसपी सुरक्षा पंकज कुमार आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: प्रतापगढ़: हिंदू देवी-देवताओं पर एक्स पर की थी अमर्यादित टिप्पणी, पुलिस ने भेजा जेल
