प्रयागराज: मूर्ति विसर्जन करने जा रहे युवक को मारी गोली, मचा हड़कंप
प्रयागराज। प्रयागराज के उतरांव थाना क्षेत्र के लिलवारा गांव में मंगलवार को मूर्ति विसर्जन करने जा रहे युवक को गोली मार दी गयी। गोली लगने से युवक घायल हो गया। उसके बनाएं पैर के घुटने के पास लगी। घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को इलाज के लिए एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया है।
जहां उसका इलाज चल रहा है। जानकारी के मुताबिक अवधेश यादव (27) पुत्र अमृत लाल लिलवारा गांव का रहने वाला है। साथी युवक ने बताया कि मंगलवार को वह ग्रामीणों के साथ दुर्गा विसर्जन करने जा रहा था। गांव के ट्यूबेल मंदिर के पास पड़ोस के लल्ला यादव (30), सचिन यादव(28) और राजा बाबू तीनों बाइक से जा रहे थे। वह शराब के नशे में थे। अवधेश से किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
मामला बढ़ने पर तीनों में से किसी एक ने फायरिंग कर दिया। गोली अवधेश के बाएं पैर के घुटने के पास जा लगी। उधर गोली चलते ही लोगों में अफरा-तफरी मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर उतरांव थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। युवक को एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ईएमओ डॉ. सोनू सिंह ने बताया कि युवक के बाएं पैर के घुटने के पास गोली लगी है, इलाज चल रहा है। इंस्पेक्टर पंकज त्रिपाठी ने बताया कि युवक को इलाज के लिए एसआरएन अस्पताल ले जाया गया है। अभी परिजनों की तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें: लखनऊ: एटीएस को मिली सफलता, 15 हजार के इनामी महाठग को किया गिरफ्तार
