बरेली: ऑटोमोबाइल बाजार में धूमधाम से मनेगी दिवाली, नवरात्र में जमकर हुई खरीदारी और बुकिंग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नवरात्र में जमकर हुई खरीदारी और बुकिंग, धनतेरस और सहालग में अच्छे कारोबार का रास्ता साफ

फोटो- शहर में एक शोरूम में कार खरीदार को पहुंचे ग्राहक।

महिपाल गंगवार, बरेली। नवरात्र में जमकर हुई खरीदारी और बुकिंग ने साफ कर दिया है कि ऑटोमोबाइल बाजार में इस बार दिवाली खूब धूमधाम से मनेगी। बड़े पैमाने पर सहालग के लिए हुई बुकिंग ने आगे दिसंबर तक के लिए अच्छे कारोबार का रास्ता साफ कर दिया है।

ऑटोमोबाइल कारोबारियों के मुताबिक नवरात्र के दौरान ही करीब दो हजार कारों और तीन हजार से ज्यादा बाइकों बुकिंग हो चुकी है। इससे जाहिर है कि लोग इस बार ऑटो बाजार में जमकर खरीदारी करने के मूड में हैं। उधर, कंपनियों ने भी नए ऑफर देने में कोई कमी नहीं छोड़ी है।

ऑटोमोबाइल कारोबारियों का मानना है कि इस बार पिछले साल की तुलना में कार और बाइक के कारोबार में 25 प्रतिशत तक की वृद्धि हो सकती है। नवरात्र में ही कार और बाइक खरीदने वालों की भीड़ तेजी से बढ़ी है। धनतेरस और सहालगों के लिए भी बड़े पैमाने पर कार और बाइक की काफी बुकिंग हुई हैं। हालत यह है कि अभी से कारों का स्टॉक कम पड़ जाने के संकेत मिलने लगे हैं।

मीडियम रेंज के वाहनों के खरीदार ज्यादा, डाउन पेमेंट में कंपनियां दे रही हैं छूट
अब तक जो बुकिंग हुई है, उसके हिसाब से दोपहिया वाहनों खरीदने वालों का जोर मीडियम रेंज के वाहनों पर ज्यादा है। 70 हजार से एक लाख रुपये तक की बाइक की सबसे ज्यादा बुकिंग हुई है। कार की बुकिंग का इशारा भी मीडियम रेंज के खरीदार ज्यादा होने की तरफ है।

लोगों ने सबसे ज्यादा पांच से 10 लाख रुपये कीमत की कारें बुक कराई हैं। लगभग सभी कंपनियाें ने अपने ग्राहकों के लिए फाइनेंस कराना भी और आसान कर दिया है। बाइक खरीदने वालों को पिछले साल 15 से 20 हजार रुपये तक के डाउन पेमेंट पर ही फाइनेंस की सुविधा दी जा रही थी, लेकिन इस बार सात से आठ हजार रुपये तक ही डाउन पेमेंट लिया जा रहा है। कारों के शोरूम पर कैश डिस्काउंट की सुविधा दी जा रही है।

हर कंपनी के कैश और एक्सचेंज के ऑफर
ऑटोमोबाइल सेक्टर में इस बार कैश और एक्सचेंज के ऑफरों की भरमार है। इसके साथ मोबाइल वॉलेट और क्रेडिट कार्ड के जरिये भुगतान करने की सुविधा भी दी जा रही है। कोई वॉलेट से पेमेंट करने पर ढाई हजार रुपये तक की छूट दे रहा है तो कहीं क्रेडिट या डेबिट कार्ड के जरिए से बाइक खरीदने पर चार से पांच हजार रुपये तक की छूट का ऑफर है।

इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग और बढ़ी
कुछ सालों से इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग बढ़ी है। इस बार इलेक्ट्रिक वाहनों के बाजार में और ज्यादा तेजी है। कोहाड़ापीर में इलेक्ट्रिक वाहनों के डिस्ट्रीब्यूटर अब्दुल कयूम मुन्ना के मुताबिक उनके शोरूम पर 50 हजार से डेढ़ लाख रुपये तक के दोपहिया वाहन है। स्कूटी के साथ ढाई से तीन हजार रुपये की एसेसरीज मुफ्त देने का नवरात्र में शुरू हुआ ऑफर अब भी जारी है। उन्होंने बताया कि लोग 60 से 70 हजार कीमत तक की इलेक्ट्रिक बाइक ज्यादा खरीद रहे हैं।

इस बार बेहतरीन ऑफर
नवरात्र के बाद जैसी तेजी दिखी है, उससे ऑटोमोबाइल सेक्टर में काफी सुधार की उम्मीद है। मेरे शोरूम और एजेंसियों पर तीन सौ से ज्यादा बाइकों की बुकिंग की जा चुकी है। आगे धनतेरस, दिवाली और फिर सहालग है। इसलिए बाइकों की एडवांस बुकिंग भी हो रही है--- पंकज अग्रवाल, बांके बिहारी मोटर्स।

एक्सचेंज ऑफर चल रहा है, कोई भी व्यक्ति पुरानी गाड़ी लाकर नई ले जा सकता है। इसके अलावा मॉडल के हिसाब से 50 हजार रुपये से लेकर एक लाख रुपये तक की छूट है। दिवाली और सहालग की वजह से गाड़ियों की एडवांस बुकिंग भी खूब हो रही है---नवीन भट्ट, जीएम, महिंद्रा मूसाराम इंटरप्राइजेस।

श्राद्ध में ही कारों की बुकिंग शुरू हो गई थी। दिवाली तक बाजार और बेहतर होने की उम्मीद है। कार पर कंपनी की ओर से अलग-अलग मॉडलों पर कैश और बोनस के रूप में छूट दी जा रही है। सरकारी कर्मियों के लिए अलग से ऑफर हैं। इसका ग्राहकों फायदा मिलेगा---सचिन भसीन, प्रबंधक हुंडई शोरूम।

ऑटोमोबाइल सेक्टर के कारोबारियों के लिए नवरात्र और दिवाली सबसे बेहतर समय होता है। अभी स्थिति ठीक चल रही है, दिवाली तक और कारोबार बढ़ने के आसार हैं। फेस्टिवल सीजन में इलेक्ट्रानिक स्कूटी की खरीद पर ढाई हजार रुपये की एसेसरीज मुफ्त दी जा रही है--- शाहबाज खान, एक्यू इंटरप्राइजेज।

यह भी पढ़ें- बरेली: 50 साल के शख्स ने की 4 साल की मासूम से छेड़छाड़, रिपोर्ट दर्ज 

संबंधित समाचार