रामपुर: जिले में बेकाबू हुआ डेंगू, मसवासी में एक और मौत
नगर पंचायत प्रशासन कीटनाशक छिड़काव के नाम पर निभा रहा औपचारिकता
रामपुर/मसवासी, अमृत विचार। डेंगू आशंकित की काशीपुर के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। उसकी मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि नगर में फैली गंदगी से मच्छरों का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि नगर पंचायत और स्वास्थ्य विभाग की ओर से फॉगिंग नहीं कराई जा रही है। जिसके चलते डेंगू का संक्रमण बढ़ रहा है।
नगर के मोहल्ला चाउपुरा निवासी सुभाष (32) पुत्र धर्मपाल को कई दिनों से बुखार आ रहा था। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे काशीपुर के एक निजी अस्पताल उपचार के लिए ले गए। लेकिन उपचार में कोई सुधार नहीं हुआ और हालात बिगड़ती चली गई। जिससे उसने मंगलवार को दम तोड़ दिया। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
नगर क्षेत्र में बुखार पीड़ितों की संख्या दिनों दिन बढ़ती जा रही है। जिसको लेकर स्वास्थ्य विभाग उदासीन बना हुआ है। संक्रमण से बचाव के लिए कोई प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। इसी के चलते मरीजों की संख्या में इजाफा होता जा रहा है। नगर पंचायत प्रशासन कीटनाशक दवाई छिड़काव के नाम पर औपचारिकता निभा रहा है।
यह भी पढ़ें- रामपुर: श्रीराम ने अग्निबाण मारा तो रावण की चीत्कार से कांप उठे तीनों लोक
