अमरोह: संदिग्ध परिस्थितियों में युवक-युवती की मौत, आत्महत्या की आशंका

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हसनपुर, अमृत विचार। क्षेत्र के गांव रुखालू में मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे युवक-युवती की मौत हो गई। दोनों के शव फंदे पर लटके मिले। पुलिस ने आत्महत्या की आशंका जताई है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।

गांव रुखालू में खानचंद का परिवार रहता है। उनका पुत्र मिंटू खडगवंशी हरियाणा में मजदूरी करता था। तीन माह पहले वह वहां से एक युवती को साथ लाया था। बाद में दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे। बताया गया कि मिंटू के दो भाई भी हरियाणा में मजदूरी करने गए हुए हैं। पिता सुबह खेत पर गए थे।

शाम को पिता जब घर लौटे तो उन्होंने घर में मिंटू (22) व हजरुन (19) फंदे पर लटके हुए थे और दोनों की मौत हो चुकी थी। यह देख पिता ने शोर मचा दिया। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सीओ अरुण कुमार सिंह व कोतवाल विनय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में नायब तहसीलदार महेंद्र सिंह भी घटनास्थल पहुंच गए।

अधिकारियों की मौजूदगी में दोनों शवों को उतार कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया, प्रथम दृष्टया मामला खुदकुशी का लग रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एक साल बाद दूसरे भाई की लाश फंदे पर लटकी मिली
हसनपुर, अमृत विचार : गांव रुखालू में फंदे पर लटके मिंटू के भाई प्रेम सिंह ने भी एक वर्ष पूर्व फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इसको लेकर ग्रामीण आपस में चर्चा करते दिखे। ग्रामीणों का कहना है कि एक साल पहले मिंटू के भाई प्रेम सिंह ने भी आत्महत्या की थी। अब उसके भाई मिंटू और हाजरुन की लाश फंदे पर लटकी मिली है।

यह भी पढ़ें- अमरोहा: सड़क पार कर रहे युवक को ट्रक ने रौंदा, मौत...चालक फरार

 

संबंधित समाचार