बागेश्वर: कौसानी में पुलिस ने रुकवाया नाबालिग का विवाह
बागेश्वर, अमृत विचार। कौसानी थाना अंतर्गत दुदिला गांव में एक नाबालिग बच्ची का विवाह रुकवाने में कौसानी पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने समय पर पहुंचकर विवाह को फिलहाल स्थगित करवा दिया है तथा नाबालिग का विवाह होने से रोक दिया है। इस सफलता पर पुलिस का क्षेत्रीय जनता ने आभार व्यक्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कौसानी थाना अंतर्गत दुदिला गांव में एक सत्रह वर्षीय नाबालिग बालिका की शादी होने की सूचना मिली। जिस पर थानाध्यक्ष मनवर सिंह ने महिला पुलिस टीम का गठन किया तथा सीडब्लूसी को इसकी सूचना दी तथा दोनों टीम के साथ गांव पहुंचे जहां उन्होंने सूचना सही पाते हुए विवाह के आयोजकों के साथ वार्ता की तथा उन्हें बताया कि यदि विवाह हो गया होता तो कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
कहा कि वर्तमान में बालिका की आयु 18 से कम व बालक की आयु 19 वर्ष की है। जिस पर वन स्टाप सेंटर, पुलिस व सीडब्लूसी की टीम ने परिवार को कानून की जानकारी दी व समझाया कि जब तक दोनों पक्ष बालिग नहीं होंगे विवाह नहीं हो सकता है। जिस पर दोनों परिवारों ने इस संबंध में कानून की जानकारी न होना बताया व लिखित रूप से आश्वस्त किया कि जब तक दोनों बालिग नहीं हो जाते तब तक इनका विवाह नहीं करवाया जाएगा। इधर बाल मामले की सामाजिक कार्यकर्ता नैना तिवारी लोहुमी ने पुलिस व संयुक्त टीम का आभार व्यक्त करते हुए जनता से बाल विवाह प्रथा के खिलाफ जागरूक रहने की अपील की है।
