अमरोहा: संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप
गांव अगरौला कलां निवासी नजाकत की दूसरी पत्नी थी रुकसाना
हसनपुर(अमरोहा), अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौत की सूचना पर बेटी की ससुराल पहुंचे मायके वालों ने उसके ससुराल वालों पर दहेज के लिए गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
थाना मंडी धनौरा क्षेत्र के गांव चुचैला कलां निवासी हाजी अली हसन ने 2016 में अपनी बेटी रुकसाना का निकाह हसनपुर थाना क्षेत्र के गांव अगरौला कलां निवासी नजाकत के साथ किया था। बुधवार सुबह 40 वर्षीया रुकसाना की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इसकी सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते मायके वाले रुकसाना की ससुराल पहुंच गए। मायके वालों ने दहेज की मांग को लेकर रुकसाना की गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। इसके बाद मायके पक्ष के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही क्राइम इंस्पेक्टर जितेंद्र बालियान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मौका मुआयना किया।
बताया गया कि रुकसाना की दूसरी शादी हुई थी। वह अपने पीछे दो साल के बेटे अरहान व बेटी सानिया को रोते-बिलखते छोड़ गई है। नजाकत की पहली पत्नी ने भी फंदे पर लटक कर आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद उसने रुकसाना से शादी की थी। पहली पत्नी से नजाकत का एक बेटा तथा एक बेटी है। रुकसाना के भाई नूर हसन ने बताया कि बहन के ससुराल वाले उसे बार-बार दहेज लाने के लिए कहते थे। इनकार करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। बुधवार को इन लोगों ने रुकसाना की गला घोंटकर हत्या कर दी। क्राइम इंस्पेक्टर जितेंद्र बालियान ने बताया कि मायके वालों द्वारा दी गई तहरीर एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें:- अमरोहा: प्रेमी के साथ फरार हुई प्रेमिका, पिता ने कराई रिपोर्ट दर्ज
