बरेली: SDO के निलंबन के विरोध में उतरे BSNL कर्मचारी, महाप्रबंधक के खिलाफ की नारेबाजी
बरेली, अमृत विचार। दूर संचार विभाग के महाप्रबंधक ने बीते दिनों चौपुला टेलीफोन एक्सचेंज से चोरी हुए करोड़ों रुपये के कार्ड के मामले में एसडीओ अभिषेक जायसवाल को निलंबित कर दिया। इससे नाराज कर्मचारियों ने बुधवार को कैंट स्थित बीएसएनएल के महाप्रबंधक कार्यालय पर नारेबाजी कर विरोध जताया।
महाप्रबंधक कार्यालय में भोजन अवकाश के दौरान कर्मचारियों ने धरना प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का कहना है कि मामला संज्ञान में आने पर एसडीओ ने मंडलीय अभियंता मनोरमा सिंह को जानकारी देकर पुलिस को सूचना दी थी। लेकिन अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया।
मंडलीय अभियंता ने एसडीओ पर ही रिपोर्ट दर्ज करा दी। कर्मचारियों का आरोप है कि मंडलीय अभियंता को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं कर्मचारियों का कहना है कि जिस स्विच रूम से 45.50 करोड़ रुपये के कार्ड चोरी की बात कही गई है, वहां पर पांच लाख रुपये से भी कम का सामान था।
जबकि मंडलीय अभियंता खुद पूर्ण रूप से एक्सचेंज की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार हैं। संचार निगम एग्जीक्यूटिव एसोसिएशन के जिला सचिव नितिन सक्सेना ने बताया कि एसडीओ का निलंबन वापस लिया जाए। किसी दूसरी एजेंसी से प्रकरण की जांच कराई जाए।
मांग पूरी नहीं हुई तो बिजनेंस क्षेत्र बरेली के साथ परिमंडल स्तर पर कर्मचारी हड़ताल करेंगे। शैलेश कुमार, एलपी यादव, विनोद कुमार, प्रेमचंद, अशोक कुमार, दिनेश गंगवार, जीएस कालरा आदि मौजूद रहे। इस संबंध में बीएसएनएल के महाप्रबंधक पंकज पोरवाल का कहना है कि वह इस मामले में कोई टिप्पणी नहीं करेंगे।
यह भी पढ़ें- बरेली: उगाही की कोशिश करने के मामले में सिपाही निलंबित, SSP ने दिए जांच के निर्देश
