बेटे से मिलकर भावुक हुए आजम, 38 मिनट तक जेल में चली मुलाकात
मुलाकात के दौरान पूर्व विधायक अनूप गुप्ता व सपा जिलाध्यक्ष छत्रपाल यादव ने भी जाना हाल
रामपुर/सीतापुर, अमृत विचार। जिला कारागार में बंद आजम खां से बुधवार को उनके बेटे अदीब खां ने जेल में मुलाकात की। जेल में इस मुलाकात के दौरान आजम के बेटे अदीब के साथ महोली सीट से पूर्व सपा विधायक अनूप गुप्ता सहित सपा जिलाध्यक्ष छत्रपाल यादव मौजूद रहे। जेल के अंदर करीब 38 मिनट तक आजम खां से बेटे और सपा नेताओं की मुलाकात चली। मुलाकात के बाद जेल से बाहर आने पर सपा नेताओं ने मीडिया के सवालों पर चुप्पी साधी।
बताते चलें कि समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता आजम खां और उनकी पत्नी तजीन फात्मा सहित बेटे अब्दुल्ला आजम को रामपुर कोर्ट ने 7-7 साल की सजा सुनाई थी। बुधवार सुबह बेटे अदीब ने जिला कारागार सीतापुर में जेल मैन्युअल के हिसाब से ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत पंजीकरण कराया।
दोपहर करीब 11 बजकर 40 मिनट पर बेटे अदीब और पूर्व सपा विधायक अनूप गुप्ता सहित सपा जिलाध्यक्ष छत्रपाल यादव जेल पहुंचे। जहां पर तीनों ने हाथों पर मोहर लगवाने के बाद जेल में करीब 12 बजे दाखिल हुये और आजम से मुलाकात की। बेटे को देखकर आजम भावुक हो गए और उन्होंने पत्नी, बेटे सहित परिवार के अन्य सदस्यों का हालचाल लिया।
जेल में करीब 38 मिनट तक चली मुलाकात के बाद बेटा अदीब और सपा नेता बाहर आए। अदीब मीडिया के सवालों पर पहले तो बचते नजर आये, लेकिन फिर मीडिया के सवालों पर उन्होंने जेल मैन्युअल के हिसाब से आजम खां को सुविधाएं मिलने की बात कही। आजम खां के स्वास्थ्य को लेकर पूछे गए सवालों पर उन्होंने उल्टा जवाब देते हुए मीडिया पर ही आजम के स्वास्थ्य की जानकारी होने की बात कही और चले गए।
सपाइयों की आजम से दूरी खड़ा कर रही सवालिया निशान
जेल में बंद आजम खां से तीसरे दिन बेटे अदीब के साथ पूर्व सपा विधायक अनूप गुप्ता और सपा जिलाध्यक्ष ने मुलाकात की। दो नेताओं की मुलाकात के बाद अन्य सपा नेताओं की आजम खां और जेल परिसर से दूरी कई सवालिया निशान खड़े कर रही है। आजम से मिलने के बाद सपा नेताओं की चुप्पी यह पहली बार देखी गई है, क्योंकि इससे पहले आजम से मुलाकात करने जो भी नेता आता था, वह सरकार पर आजम के साथ हो रहे जुल्म की इन्तेहां बयां करता था।
1 नवंबर को पेशी पर रामपुर जाएंगे आजम
जेल में बंद समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता आजम खां को 419 और 420 धारा में आए एक वारंट के मामले में सीतापुर जेल से रामपुर कोर्ट ले जाया जाएगा। सूत्रों की मानें तो 1 नवंबर को कोर्ट द्वारा जेल भेजे गए वारंट के साथ रामपुर कोर्ट में पेश होने का आदेश दिया है। इस सुनवाई के चलते पुलिस प्रशासन आजम को कड़ी सुरक्षा के बीच रामपुर ले जाया जा सकता है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आज करेंगे आजम से मुलाकात
सीतापुर। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस की बीच तल्खियों को मिटाने के लिए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय आज आजम खां से जेल में मुलाकात कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि इस दौरान कांग्रेस लोकसभा चुनाव से पहले आजम से मुलाकात कर इंडिया गठबंधन के बीच हुए मनमुटाव को दूर करने का भी प्रयास कर सकती है।
या यूं कहें कि समाज के एक तबके को समाजवादी पार्टी से कांग्रेस की तरफ मोड़ने का प्रयास भी इस मुलाकात के मायने रखता है। बताते चलें कि सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कुछ दिन पूर्व ही कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पर तीखा हमला किया था और साथ ही कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने भी अखिलेश पर तंज कसा था।
यह भी पढ़ें- रामपुर: टांडा पालिका अध्यक्ष पति ने चौकीदार की पत्नी और बेटी के साथ कर दिया ऐसा काम सुनकर हो जाएंगे हैरान
