उन्नाव में युवक को चार लोगों ने लाठी-डंडों से जमकर पीटा, मौत, कोहराम
उन्नाव। उन्नाव अंतर्गत आसीवन थानाक्षेत्र के लोचन खेड़ा गांव में पुराने विवाद के चलते युवक दूसरे पक्ष के घर के बाहर गालियां दे रहा था। मना करने पर भी जब वह नहीं माना तो चार लोगों ने मिलकर उसे लाठी डंडों से पीटकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गये। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांचकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बता दें कि लोचन खेड़ा निवासी शिवराज पुत्र हरि नाम (38) का होली में गांव निवासी मटरू से विवाद हो गया था। बुधवार देररात शिवराज मटरू के दरवाजे से निकल रहा था। इस दौरान उसने गाली दे दी तो दोनों में पुरानी बात को लेकर विवाद होने लगा। विवाद बढ़ने पर मटरु, पप्पू व नन्हे ने शिवराज को लाठी डंडों से पीट कर गंभीर घायल कर दिया और मौके से फरार हो गये। सूचना पर शिवराज के परिजन पहुंचे और उसे मियागंज सीएचसी ले गये।
जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। आसीवन थाना प्रभारी संदीप मिश्रा ने बताया कि पुराने विवाद के चलते घटना हुई है। पूर्व में दोनों पक्षों पर कार्रवाई भी की गई थी। पीड़ित पक्ष ने चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। प्राप्त तहरीर व पीएम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: बागपत पहुंचे सीएम योगी, जिले को देंगे 351 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात, जनसभा को करेंगे संबोधित
