अयोध्या: श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली को ट्रक ने पीछे से मारी टक्कर, एक की मौत, 14 घायल, देखें वीडियो
पूराबाजार, अयोध्या। अयोध्या कोतवाली अन्तर्गत बूथ नम्बर चार के निकट गुरुवार भोर में विसर्जन कर लौट रही श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्राली को बेकाबू ट्रक ने टक्कर मार दी। जिसमें एक श्रद्धालु की मौत हो गई जबकि 14 गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। दो को लखनऊ रेफर किया गया है। दुर्घटना की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया।
पूराकलंदर थाना क्षेत्र के सूखापुर इटौरा के लोग बुधवार की रात प्रतिमा विसर्जन के लिए अयोध्या गए हुए थे। गुप्तारघाट स्थित विसर्जन स्थल पर विसर्जन कर सभी देर रात वापस लौट रहे हैं। गुरुवार भोर में करीब साढ़े चार बजे जैसे ही अयोध्या कोतवाली क्षेत्र के बूथ नंबर चार पर पहुंचे कि पीछे से आ रही अनियंत्रित ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। जिससे 14 लोग घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को मंडलीय चिकित्सालय दर्शन नगर भिजवाया। जिसमें अनीत पुत्र राम आशीष रावत उम्र करीब 20 वर्ष व अनूप पुत्र शेषराम उम्र करीब 21 वर्ष निवासी सूखापुर इटौरा की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने लखनऊ रेफर कर दिया।अनीत पुत्र राम आशीष रावत की रास्ते में ही मौत हो गई।
दुर्घटना में यह हुए घायल
अन्य घायलों में अरुण वर्मा पुत्र राम नेवाज वर्मा 40 वर्ष, विशाल कनौजिया पुत्र राम आशीष 22 वर्ष, आकाश वर्मा पुत्र अमरनाथ वर्मा 20 वर्ष, विशाल वर्मा पुत्र पारसनाथ वर्मा 18 वर्ष, शनि पुत्र राम जुड़ावन 17 वर्ष, अमर पुत्र गोवर्धन दास 18 वर्ष, पंकज पुत्र खुशीराम 22 वर्ष, अजय पुत्र लक्ष्मण 20 वर्ष, शैलेंद्र पुत्र मुन्नीलाल 20 वर्ष, निर्मल पुत्र शेषराम 18 वर्ष, अठन पुत्र रामसुभावन 18 वर्ष, विकास पुत्र राम जी 22 वर्ष शामिल हैं।
सभी घायल सूखापुर इटौरा के निवासी है। पूरा कलंदर थाना अध्यक्ष रतन कुमार शर्मा ने बताया कि अनीत पुत्र राम आशीष उम्र करीब 21 वर्ष निवासी सूखापुर इटौरा की मौत हो गयी। अनूप का इलाज लखनऊ में चल रहा है। बताया कि ज्यादातर को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
Ayodhya accident : ट्रैक्टर ट्राली को ट्रक ने टक्कर मारी, एक की मौत - 14 घायल pic.twitter.com/XYmzTlNsUf
— amrit vichar (@amritvicharlko) October 26, 2023
यह भी पढ़ें: हरदोई: शराब के ठेके पर जाम छलकाते पकड़े गए 'दरोगा जी' हुए निलंबित, वर्दी पहने मदिरा पीते वीडियो हुआ था वायरल
