राजस्थान: विधानसभा चुनाव में 52 हजार 122 मतदान केन्द्रों पर होगी वोटिंग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जयपुर। राजस्थान में आगामी 25 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए 52 हजार 122 मतदान केन्द्रों पर मतदान कराया जायेगा। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने प्रदेश में 366 सहायक मतदान केन्द्रों की स्थापना को मंजूरी दी है। ये सहायक मतदान केन्द्र राज्य के 32 जिलों की 125 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में उन मतदान केन्द्रों पर बनाए जाएंगे जहां मतदताओं की संख्या 1450 से अधिक है। 

यह भी पढ़ें- भुज में 5 नवंबर को RSS की अहम बैठक, राम मंदिर से जुड़े कार्यक्रमों पर भी होगी चर्चा 

ये मतदान केन्द्र मूल मतदान केन्द्र के साथ उसी भवन में स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि राज्य में वर्तमान में 51 हजार 756 मूल मतदान केन्द्र आयोग द्वारा अनुमोदित है और अब 366 सहायक मतदान केन्द्रों के अनुमोदन के बाद 52 हजार 122 मतदान केन्द्र हो गए हैं। उन्होंने बताया कि यह केंद्र यथासंभव उसी भवन में बनेंगे और मतदाताओं की संख्या का विभाजन दोनों केंद्रों पर इस प्रकार किया गया है जिससे मतदान के दौरान लोगों को अधिक समय लाइन में खड़े रहने की आवश्यकता नहीं रहेगी। 

उन्होंने कहा कि प्रदेश में भारत निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन्स के अनुरूप सुगम, सहज, सुरक्षित मतदान के लिए मतदान केन्द्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं एवं सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों पर टॉयलेट्स, पेयजल, बिजली, वॉलन्टियर्स, व्लीलचेयर, रैम्प सहित सभी बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता रहेगी।

उन्होंने कहा कि मतदाताओं की सहूलियत के लिए मतदान केन्द्रों पर साइनेज और हेल्प डेस्क की उचित व्यवस्था भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में निर्वाचन विभाग द्वारा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक के बाद 366 सहायक मतदान केन्द्रों का प्रस्ताव भारत निर्वाचन आयोग को भेजा गया था, जिसका अनुमोदन प्राप्त हो गया है। सबसे ज्यादा 92 सहायक मतदान केन्द्र जयपुर जिले में स्थापित किए जाएंगे। 

यह भी पढ़ें- ‘पैसे लेकर सवाल पूछने’ का मामला: आचार समिति ने महुआ मोइत्रा को 31 अक्टूबर को बुलाया 

संबंधित समाचार