शाहजहांपुर: 'लोकसभा चुनाव लड़ोगे तो जान से मार देंगे', सपा नेता राजेश कश्यप को अलग-अलग नंबरों से मिली धमकी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फोटो- राजेश कश्यप।

शाहजहांपुर, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारी के लिए गांवों में जनसंपर्क के दौरान सपा नेता राजेश कश्यप को सुबह और रात में अलग-अलग नंबरों से जान से मार डालने की धमकी मिली है। उन्होंने धमकी देने वाले पर कार्रवाई के लिए कोतवाली चौक में तहरीर दी है, जिस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

शहर के बरेली रोड स्थित स्टेट गार्डेन निवासी राजेश कश्यप ने तहरीर में बताया है कि वह सपा के संभावित लोकसभा प्रत्याशी हैं। वह देर रात तक क्षेत्र का भ्रमण कर लोगों से संपर्क करते हैं। 18 और 19 अक्टूबर को क्रमश: रात में और सुबह अलग अलग मोबाइल नंबरों से उन्होंने फोन करके लोकसभा चुनाव न लड़ने की धमकी दी।

कहा कि यदि तुम चुनाव लड़ोगे तो तुम्हें जान से मार देंगे। इस नंबर से उन्हें कई बार कॉल आ चुकी है। उन्होंने इसकी सूचना 112 नंबर पर भी दी है। उन्होंने कार्रवाई की मांग के साथ ही अनहोनी की आशंका जताते हुए सुरक्षा की भी गुहार लगाई है। इस बाबत सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खां का कहना है कि राजेश कश्यप के फोन पर जान से मारने की धमकी देने का मामला गंभीर है। मामले में जल्द ही उच्चाधिकारियों से मिलकर कार्रवाई की मांग की जाएगी।

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: घर में नहाते समय मोटर में उतरा करंट, किशोर की मौत

संबंधित समाचार